फर्जी फाइनेंसर बनकर राहगीरों की गाड़ियां जबरन कब्जे में लेने वाले दो आरोपी तीन बाइक व स्विफ्ट कार के साथ गिरफ्तार…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

फर्जी फाइनेंसर बनकर राहगीरों की गाड़ियां जबरन कब्जे में लेने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, तीन बाइक व स्विफ्ट कार बरामद

बस्ती, 09 सितंबर 2026।

कप्तानगंज थाना पुलिस ने राहगीरों की गाड़ियां जबरन कब्जे में लेकर उनसे पैसे की मांग करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदर्श सिंह, निवासी हथिनाग थाना वजीरगंज जनपद गोंडा और शशांक पाण्डेय, निवासी बैदोलिया थाना कप्तानगंज जनपद बस्ती के रूप में हुई है। दोनों की उम्र क्रमशः करीब 23 और 21 वर्ष है। दोनों को बुधवार 09 सितंबर 2026 को रात 02:35 बजे रेहरवा-टिनिच मार्ग स्थित नहर पुलिया के पास स्विफ्ट कार संख्या UP51 BU 5308 के साथ गिरफ्तार किया गया।

मौत का भय दिखाकर कब्जे में लेते थे वाहन

पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य राहगीरों की गाड़ियों को रोककर पहले पैसे की मांग करते थे। पैसा नहीं देने पर वाहन मालिक को मृत्यु अथवा गंभीर चोट का भय दिखाकर वाहन जबरन अपने कब्जे में ले लेते थे। इसके बाद वाहन वापस करने के बदले रकम की मांग की जाती थी और पैसा नहीं मिलने पर वाहन वापस नहीं किया जाता था।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गिरोह में उनके अलावा विशाल भारद्वाज और अमन सिंह भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार स्विफ्ट कार अभिषेक यादव की बताई गई है, जिसके माध्यम से आरोपी वारदात के लिए पहुंचते थे। आरोपियों ने बताया कि अभिषेक यादव के पास एक कोड रहता था और उसके बताए अनुसार वाहनों को निशाना बनाया जाता था।

तीन मोटरसाइकिल बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से UP58 AJ 7456 नंबर की होंडा एक्सट्रीम, BR55 D 5814 नंबर की बजाज पल्सर और UP51 BL 4244 नंबर की प्लैटिना मोटरसाइकिल बरामद की है। प्लैटिना मोटरसाइकिल की बरामदगी पूर्व में 07 सितंबर 2026 को की गई थी। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त UP51 BU 5308 नंबर की स्विफ्ट कार भी पुलिस ने बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार 27 अगस्त 2026 को कप्तानगंज कस्बे में सीएचसी गेट के पास से होंडा एक्सट्रीम मोटरसाइकिल तथा बिहार निवासी संजय मेहता की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल को कब्जे में लिया गया था। वहीं 06 सितंबर 2026 को जियो पेट्रोल पंप दुधौरा के पास से प्लैटिना मोटरसाइकिल को कथित तौर पर भय दिखाकर कब्जे में लिया गया।

इन मामलों में कप्तानगंज थाने में मु0अ0सं0 238/2026 धारा 308(5), 317(2), 61(2) बीएनएस तथा मु0अ0सं0 241/2026 धारा 308(5), 317(2), 61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास

पुलिस के मुताबिक आदर्श सिंह के खिलाफ गोंडा के कोतवाली नगर थाने में वर्ष 2023 का मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा कप्तानगंज थाने में दर्ज दोनों मुकदमों में भी वह आरोपी है।

वहीं शशांक पाण्डेय के खिलाफ वाल्टरगंज थाने में वर्ष 2023, हर्रैया थाने में वर्ष 2025 का मामला दर्ज है। इसके अलावा कप्तानगंज थाने में दर्ज दोनों मुकदमों में भी उसका नाम शामिल है।

पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

बस्ती पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बिना वैध नोटिस और दस्तावेज के यदि कोई व्यक्ति सड़क पर उनकी गाड़ी जबरन कब्जे में लेने या धमकी देकर पैसे मांगने का प्रयास करता है तो उसके झांसे में न आएं और तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या पुलिस टीम को सूचना दें। पुलिस ने कहा कि ऐसे फर्जी फाइनेंसरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में कप्तानगंज थानाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक मो. रफी खान, उपनिरीक्षक अनिल कुमार त्रिपाठी सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *