Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

12 सितंबर को बस्ती में राष्ट्रीय लोक अदालत, जागरूकता रैली निकालकर लोगों को किया गया जागरूक
बस्ती, 09 सितंबर 2026।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार आगामी 12 सितंबर 2026 को जनपद बस्ती में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसकी सफलता को लेकर बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली को जनपद न्यायाधीश शमसुल हक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से आमजन को राष्ट्रीय लोक अदालत के लाभों और इसमें मामलों के निस्तारण के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक, सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक तथा पराविधिक स्वयं सेवकों का सहयोग रहा।
इस अवसर पर परिवार न्यायालय की प्रधान न्यायाधीश आराधना रानी समेत जनपद न्यायालय के विभिन्न न्यायिक अधिकारी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवेंद्र कुमार प्रथम, सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रमाशंकर पाण्डेय, पराविधिक स्वयं सेवक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
रैली के बाद सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवेंद्र कुमार प्रथम ने पराविधिक स्वयं सेवकों के साथ बैठक की। उन्होंने स्वयं सेवकों को निर्देश दिया कि जनपद के दूर-दराज क्षेत्रों और गांवों में छोटे-छोटे जागरूकता शिविर आयोजित कर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के लाभों की जानकारी दी जाए तथा अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाई जाए।
12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण के लिए आमजन को जागरूक किया जा रहा है।
NGV PRAKASH NEWS