16 लाख के गबन का आरोपी गिरफ्तार…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

बी-पैक्स में 16.02 लाख रुपये के गबन का वांछित आरोपी गिरफ्तार, महत्वपूर्ण अभिलेख गायब करने का भी आरोप

संतकबीरनगर, 11 सितंबर 2026।

प्राथमिक कृषि ऋण समिति (बी-पैक्स) में लाखों रुपये के गबन के मामले में बखिरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त कृष्ण प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर बी-पैक्स बौरब्यास और बी-पैक्स सिंहोरवा में आरकेवीवाई योजना के तहत प्राप्त उर्वरक की कुल 16 लाख 02 हजार 892 रुपये की धनराशि का गबन करने तथा मामले को छिपाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण अभिलेख गायब करने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना कर दिया।

पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह के निकट पर्यवेक्षण में जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थानाध्यक्ष बखिरा उमाशंकर त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए थाना बखिरा में दर्ज मुकदमे में वांछित अभियुक्त कृष्ण प्रताप सिंह पुत्र राम चन्द्र सिंह, निवासी गुलटही, पोस्ट सिधौली, थाना हरपुर बुदहट, जनपद गोरखपुर को हुसैनगंज थाना क्षेत्र में आनन्द मोटर के पास से गिरफ्तार किया।

मामला 30 जनवरी 2026 का है। पुलिस के अनुसार, वादी जनार्दन यादव, सहायक विकास अधिकारी सहकारिता, विकास खण्ड बघौली, संतकबीरनगर ने थाना बखिरा में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि कृष्ण प्रताप सिंह प्रभारी सचिव के रूप में बी-पैक्स बौरब्यास एवं बी-पैक्स सिंहोरवा में कार्यरत था। आरोप है कि बी-पैक्स बौरब्यास में 9 लाख 45 हजार 901 रुपये तथा बी-पैक्स सिंहोरवा में 6 लाख 56 हजार 991 रुपये, यानी कुल 16 लाख 02 हजार 892 रुपये मूल्य के आरकेवीवाई योजना से प्राप्त उर्वरक का गबन किया गया।

आरोप है कि गबन की धनराशि को छिपाने के उद्देश्य से उर्वरक स्टॉक रजिस्टर, उर्वरक वितरण रजिस्टर, कैश बुक, कार्यवाही रजिस्टर और बैंक पासबुक समेत कई महत्वपूर्ण अभिलेख भी गायब कर दिए गए। शिकायत के आधार पर थाना बखिरा में मु0अ0सं0 41/2026, धारा 409 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलन के आधार पर पुलिस ने वांछित अभियुक्त कृष्ण प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

अभियुक्त की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक ददन राय के साथ कांस्टेबल अनूप यादव, कांस्टेबल अक्षय सिंह और कांस्टेबल आदित्य शुक्ला शामिल रहे। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर माननीय न्यायालय के लिए रवाना कर दिया गया।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *