बाइकों की आमने-सामने टक्कर में 2 की मौत,2 गंभीर रूप से घायल…….

NGV PRAKASH NEWS

सांकेतिक चित्र

रतनपुर में दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर, दो युवकों की मौत, दो गंभीर घायल

बिलासपुर, 21 सितंबर 2026।

तेज बारिश के बीच हुआ दर्दनाक हादसा

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में तेज बारिश के बीच दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पुड़ निवासी संजीव पैकरा, पिता संतोष पैकरा, रविवार शाम अपने दोस्त अमन के साथ बाइक से किसी काम से निकला था। उस समय क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। दोनों गांव के बाहर पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही दूसरी तेज रफ्तार बाइक से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई।

टक्कर में दो युवकों की मौके पर मौत

टक्कर इतनी भीषण थी कि संजीव पैकरा की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठे अमन को गंभीर चोटें आईं। वहीं दूसरी बाइक चला रहे विशेष कुमार पैकरा (18) टक्कर के बाद बाइक से उछलकर सड़क से दूर जा गिरे। उनके सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठे रमन सिंह पैकरा भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

डायल 112 की टीम ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हादसे की जानकारी मिलने पर मृतकों के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। रतनपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *