पुलिस के नाक के नीचे पैथोलॉजी सेंटर पर चोरों ने किया हाथ साफ;लाखों का सामान लेकर हुए फरार…….

NGV PRAKASH NEWS

कप्तानगंज में पैथोलॉजी सेंटर में लाखों की चोरी, अल्ट्रासाउंड मशीन समेत करीब 20 लाख का सामान पार

कप्तानगंज (बस्ती), 23 सितंबर 2026।

कप्तानगंज कस्बे में सीएससी के सामने हाईवे किनारे स्थित सत्यम पैथोलॉजी सेंटर में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर पैथोलॉजी सेंटर से अल्ट्रासाउंड मशीन, दो लैपटॉप, सीपीयू समेत कई महंगे उपकरण चोरी कर ले गए। संचालक के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी जा रही है। हाईवे किनारे और लगातार आवाजाही वाले इलाके में हुई इस घटना से आसपास के व्यापारियों में हड़कंप मच गया।

सुबह सेंटर खोलने पर हुई चोरी की जानकारी

पैथोलॉजी सेंटर के संचालक जब सुबह सेंटर खोलने पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा हुआ मिला। जांच करने पर अल्ट्रासाउंड मशीन, लैपटॉप, सीपीयू समेत अन्य कीमती उपकरण गायब मिले। इसके बाद घटना की जानकारी आसपास के लोगों और अन्य व्यापारियों को दी गई, जिसके बाद मौके पर काफी लोग जुट गए।

पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर वारदात

चोरी की इस घटना को लेकर सबसे अधिक चर्चा इस बात की है कि सत्यम पैथोलॉजी सेंटर घटनास्थल से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर कप्तानगंज पुलिस चौकी स्थित है। हाईवे किनारे और पुलिस चौकी के नजदीक हुई चोरी ने क्षेत्र की सुरक्षा और रात्रि गश्त को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय व्यापारियों में घटना को लेकर नाराजगी है।

व्यापारियों का कहना है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई जानी चाहिए, ताकि चोरी की घटना में शामिल लोगों तक जल्द पहुंचा जा सके।

तहरीर मिलने पर दर्ज होगा मुकदमा

कप्तानगंज थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने चोरी का जल्द खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *