दीपावली को लेकर बस्ती पुलिस अलर्ट…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

दीपावली को लेकर बस्ती पुलिस अलर्ट, पटाखा दुकानों की सघन जांच, अवैध भंडारण पर पैनी नजर

बस्ती 08 नवंबर 2026

दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं दुर्घटनामुक्त संपन्न कराने के लिए बस्ती पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। जनपद में कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में सघन निगरानी, गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस द्वारा पटाखा दुकानों की नियमित एवं आकस्मिक जांच कर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है।

अधिकृत पटाखा दुकानों की हो रही जांच

जनपद के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पुलिस टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रही हैं। पटाखा विक्रय के लिए निर्धारित एवं अधिकृत स्थानों पर संचालित दुकानों की जांच की जा रही है। इस दौरान यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि पटाखों की बिक्री केवल अनुमन्य स्थानों पर ही हो तथा दुकानदार निर्धारित नियमों का पालन करें। साथ ही दुकानों पर अग्नि सुरक्षा के आवश्यक इंतजामों की भी पड़ताल की जा रही है।

अवैध पटाखों के भंडारण और परिवहन पर नजर

पुलिस द्वारा अवैध पटाखों के भंडारण, परिवहन एवं बिक्री पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील

जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि दीपावली का त्योहार आपसी सौहार्द और सावधानी के साथ मनाएं। कहीं भी अवैध पटाखा भंडारण, अवैध बिक्री अथवा कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी थाना, चौकी या पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना दें।

बस्ती पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रही है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *