Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

दहेज उत्पीड़न का आरोप, विवाहिता की मौत के बाद पिता ने थानाध्यक्ष से लगाई न्याय की गुहार
बस्ती 28 अक्टूबर 2026
बस्ती जिले में दहेज उत्पीड़न के आरोपों के बीच एक विवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पिता ने कप्तानगंज थानाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर अपनी बेटी के ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और गंभीर रूप से उत्पीड़न करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है
थाना दुबौलिया क्षेत्र के बैरागल गांव निवासी नजीर पुत्र अमीन ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी गुलिस्ता खातून की शादी कप्तानगंज क्षेत्र के गौर गांव निवासी नबी जान के पुत्र रफीक के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज को लेकर उनकी बेटी को प्रताड़ित करते थे। प्रार्थना पत्र में दो लाख रुपये नकद, मोटरसाइकिल और अन्य सामान की मांग किए जाने का भी उल्लेख किया गया है।
पीड़ित पिता का आरोप है कि उनकी बेटी के साथ मारपीट की जाती थी और उसे प्रताड़ित कर मायके से रुपये तथा सामान लाने का दबाव बनाया जाता था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई बार समझौते के प्रयास हुए, लेकिन इसके बावजूद उत्पीड़न बंद नहीं हुआ।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब सात बजे परिवार को बेटी की हालत बिगड़ने की सूचना मिली। पिता का आरोप है कि इसके बाद वह अपनी बेटी को उपचार के लिए कप्तानगंज स्थित अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज, बस्ती ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। मृतका के पिता ने अपनी बेटी की मौत के लिए ससुराल पक्ष के लोगों सास,जेठ,जेठानी ननद तथा रफीक मौसा और मौसी को को जिम्मेदार ठहराते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मृतका के पिता ने कप्तानगंज थानाध्यक्ष को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोपित पक्ष के सदस्यों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने और परिवार को न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
मामले में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा |
📍 मामले में थाना अध्यक्ष कप्तानगंज के पास फोन कर इसके बारे में जानने की कोशिश किया गया लेकिन उनका फोन नहीं उठने के कारण उनका पक्ष नहीं मिल पाया, जैसे ही उनका पक्ष मिलेगा समाचार को अपडेट कर दिया जाएगा.
NGV PRAKASH NEWS