Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस पर पुलिस लाइन बस्ती में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित
बस्ती, 23 सितंबर 2026।
📍पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को दिया गया भारतीय सांकेतिक भाषा का प्रशिक्षण
अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित वशिष्ठ सभागार कक्ष में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय निःशुल्क भारतीय सांकेतिक भाषा प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का आयोजन अखिल उत्तर प्रदेश बधिर संस्था , लखनऊ, जो अखिल भारतीय बधिर संघ, नई दिल्ली से संबद्ध है, के सहयोग से किया गया।
कार्यशाला में नामित नोडल अधिकारी मानसी दहिया, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर एवं लाइन, बस्ती की गरिमामयी उपस्थिति रही। अखिल उत्तर प्रदेश बधिर संस्था, लखनऊ के महासचिव अमन कुमार सक्सेना के पत्राचार के क्रम में दुभाषिए (इंटरप्रेटर) पंकज कुमार रौनियार ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय सांकेतिक भाषा का गहन एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।
📍मूक-बधिर नागरिकों से प्रभावी संवाद पर जोर
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मूक-बधिर (दिव्यांग) नागरिकों की समस्याओं को बेहतर ढंग से समझने और उनसे प्रभावी संवाद स्थापित करने में सक्षम बनाना रहा। प्रशिक्षण के माध्यम से पुलिसकर्मियों को यह समझाया गया कि थानों एवं पुलिस कार्यालयों में आने वाले दिव्यांग नागरिकों की शिकायतों को समझने और उनकी समस्याओं के समाधान में सांकेतिक भाषा की जानकारी किस प्रकार सहायक हो सकती है।
नोडल अधिकारी मानसी दहिया ने प्रशिक्षण के दौरान कहा कि पीड़ित एवं जरूरतमंद दिव्यांग व्यक्तियों के साथ संवाद की दूरी को समाप्त करने के लिए पुलिसकर्मियों को सांकेतिक भाषा की बुनियादी समझ होना बेहद आवश्यक है। इससे पुलिस बल मूक-बधिर नागरिकों के प्रति अधिक संवेदनशील होकर उनकी सहायता कर सकेगा।
📍प्रशिक्षण देने वाली टीम को प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित
कार्यशाला के समापन अवसर पर नोडल अधिकारी मानसी दहिया ने उत्कृष्ट प्रशिक्षण प्रदान करने और पुलिसकर्मियों को सांकेतिक भाषा सिखाने में सराहनीय योगदान के लिए अखिल उत्तर प्रदेश बधिर संस्था के पदाधिकारियों तथा दुभाषिए पंकज कुमार रौनियार को पुलिस अधीक्षक बस्ती की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इसके साथ ही कार्यशाला में शामिल सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके सक्रिय प्रतिभाग के लिए प्रोत्साहित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और इस जनोपयोगी पहल की सराहना की।
कार्यशाला के दौरान प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
NGV PRAKASH NEWS