Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

पीईटी-2026 परीक्षा को लेकर डीएम और एसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
बस्ती 30 अक्टूबर 2026
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने शुक्रवार को प्रथम पाली में विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा संचालन, अभ्यर्थियों के प्रवेश, सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हो रही निगरानी का जायजा लिया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने एएसएचएस एवं जीआरएस इंटर कॉलेज, खैर इंडस्ट्रियल इंटर कॉलेज तथा इंदिरा गांधी इंटर कॉलेज कप्तानगंज स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश, परीक्षा कक्षों की व्यवस्था तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
सीसीटीवी कैमरों से निगरानी व्यवस्था का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष का भी जायजा लिया। उन्होंने कैमरों के माध्यम से परीक्षा केंद्रों की निगरानी व्यवस्था देखी और निर्देश दिया कि परीक्षा कक्षों सहित सभी निर्धारित स्थानों पर लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने कहा कि परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी ने दिए निर्देश
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि परीक्षा सकुशल संपन्न कराई जा सके।
प्रशासन द्वारा परीक्षा की व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, जिससे पूरी परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
NGV PRAKASH NEWS