Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

मुण्डेरवा में शराब की दुकान पर पुलिस-आबकारी विभाग का छापा, जल मिश्रित मदिरा के साथ दो गिरफ्तार
बस्ती 29 अक्टूबर 2026
मुण्डेरवा में कम्पोजिट शराब की दुकान पर पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त जांच के दौरान जल मिश्रित मदिरा का मामला सामने आया है। टीम ने दुकान से अलग-अलग ब्रांडों की शराब के अद्धे और पौवे बरामद करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से दुकान की बिक्री के 30,020 रुपये भी बरामद किए गए।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देश पर जिले में अपराधियों और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकान्त के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी रुधौली अनिल कुमार सिंह के निर्देशन में थानाध्यक्ष मुण्डेरवा विश्वमोहन राय तथा आबकारी निरीक्षक सुनील कुमार ने आबकारी टीम के साथ 29 अक्टूबर को कम्पोजिट शराब की दुकान मुण्डेरवा का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम को दुकान पर विभिन्न ब्रांडों की जल मिश्रित शराब मिली। इसके बाद मौके से गोलू जायसवाल पुत्र स्वर्गीय भगवान प्रसाद जायसवाल और शिवम पुत्र रामराज जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपित ग्राम पहलवारा, थाना कोतवाली नगर, जनपद बलरामपुर के निवासी हैं। उनकी गिरफ्तारी शाम चार बजे की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 8 पीएम, रॉयल स्टैग, आइकॉनिक और आफ्टर डार्क सहित विभिन्न ब्रांडों के शराब के अद्धे एवं पौवे बरामद किए। बरामद मदिरा को नमूना सील और सर्व मुहर के साथ कब्जे में लिया गया। इसके अलावा दुकान की बिक्री से प्राप्त 30,020 रुपये की नकदी भी बरामद कर सील कर दी गई।
मामले में थाना मुण्डेरवा पर मुकदमा अपराध संख्या 294/2026 दर्ज किया गया है। आरोपितों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60/64 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 और 319 के तहत अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस संयुक्त कार्रवाई में थानाध्यक्ष मुण्डेरवा विश्वमोहन राय, उप आबकारी आयुक्त बस्ती प्रभार सत्य प्रकाश पाण्डेय, जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार, आबकारी निरीक्षक कमलकान्त यादव (प्रवर्तन-1 बस्ती), आबकारी निरीक्षक इन्द्रदेव प्रसाद (क्षेत्र-4 बस्ती) और आबकारी निरीक्षक सुनील कुमार (क्षेत्र-1 सदर बस्ती) सहित पुलिस एवं आबकारी विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
NGV PRAKASH NEWS