Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

पीईटी-2026 परीक्षा को लेकर डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था परखी
बस्ती, 01 नवंबर 2026
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। रविवार को जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने द्वितीय पाली में विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही निगरानी का जायजा लिया।
📍 प्रथम पाली में 3004 तथा द्वितीय पाली में 2874 परीक्षार्थियों ने छोड़ी परीक्षा |
सेन्ट्रल एकेडमी और किसान इंटर कॉलेज पहुंचीं जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना
जिलाधिकारी ने सेन्ट्रल अकादमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सिविल लाइन तथा किसान इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों के प्रवेश की व्यवस्था, परीक्षा कक्षों की स्थिति तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आयोग की ओर से निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए परीक्षा संपन्न कराई जाए। साथ ही अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
सीसीटीवी कैमरों से निगरानी व्यवस्था का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों के सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी जायजा लिया। उन्होंने कैमरों के माध्यम से परीक्षा केंद्रों की निगरानी व्यवस्था देखी और निर्देश दिया कि परीक्षा कक्षों सहित सभी निर्धारित स्थानों पर लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता
जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने कहा कि पीईटी परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी केंद्र व्यवस्थापक और संबंधित अधिकारी आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें, जिससे परीक्षा सुचारु, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
जिला प्रशासन की सक्रिय निगरानी के बीच परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने और परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
NGV PRAKASH NEWS