NGV PRAKASH NEWS

कप्तानगंज के पगार गांव में गन्ने की फसल में लगी भीषण आग, पूर्व ब्लॉक प्रमुख का पांच बीघा गन्ना जलकर राख
सैकड़ों बीघा गन्ने की फसल पर मंडराया खतरा, ग्रामीणों की सूझबूझ और ट्रैक्टर से जुताई कर आग पर पाया काबू
बस्ती 04 नवंबर 2026
कप्तानगंज ब्लॉक के पगार गांव में बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे अज्ञात कारणों से गन्ने की खड़ी फसल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और परसपुर गांव निवासी पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजमणि चौधरी की करीब पांच बीघा गन्ने की फसल जलकर राख हो गई। इस घटना में उन्हें काफी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
सैकड़ों बीघा गन्ने की फसल तक पहुंचने का था खतरा
खेत में आग लगने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में अफरा-तफरी मच गई। जिस खेत में आग लगी थी, उसके आसपास सैकड़ों बीघा गन्ने की फसल खड़ी थी। तेज गति से फैलती आग को देखते हुए ग्रामीणों को बड़े पैमाने पर फसल बर्बाद होने की आशंका सताने लगी।
ग्रामीणों ने ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रोकी आग
आग की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए ट्रैक्टर की मदद से गन्ने के खेतों के बीच जुताई शुरू कर दी, ताकि आग को आगे फैलने से रोका जा सके। सामूहिक प्रयास और सूझबूझ के चलते काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
ग्रामीणों की तत्परता से बच गई सैकड़ों बीघा फसल
गनीमत रही कि धान की कटाई का सीजन होने के कारण अधिकांश किसान अपने खेतों में मौजूद थे। आग की सूचना मिलते ही ग्रामीण एकजुट होकर बचाव कार्य में जुट गए। समय रहते उठाए गए कदमों से आसपास की सैकड़ों बीघा गन्ने की फसल को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।
हालांकि, इस घटना में पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजमणि चौधरी की करीब पांच बीघा खड़ी गन्ने की फसल पूरी तरह जल गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
NGV PRAKASH NEWS