Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

धनतेरस, दीपावली और छठ पूजा को लेकर सिद्धार्थनगर में पुलिस अलर्ट, SSP अभिषेक महाजन ने खुद संभाली सुरक्षा की कमान, कई बाजारों में किया पैदल गश्त
सिद्धार्थनगर 6 नवंबर 2026
धनतेरस, दीपावली एवं छठ पूजा के त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सिद्धार्थनगर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने स्वयं पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के साथ सड़कों पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद और क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी की उपस्थिति में थाना शोहरतगढ़ एवं ढेबरुआ पुलिस तथा पीएसी बल के साथ कस्बा शोहरतगढ़ और बढ़नी में संध्याकालीन पैदल गश्त की।
SSP अभिषेक महाजन ने शोहरतगढ़ और बढ़नी में किया पैदल गश्त
पैदल गश्त के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थलों, प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान रास्तों में पड़ने वाले विद्युत तारों, अवरोधों एवं अन्य संभावित जोखिम वाले स्थानों का भी परीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने लक्ष्मी पूजा पंडालों के आयोजकों, संभ्रांत नागरिकों एवं स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित कर त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों को लेकर सतर्क है। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। साथ ही सोशल मीडिया पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि अफवाहों और भ्रामक प्रचार पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक शोहरतगढ़ शेषमणि पाण्डेय, थानाध्यक्ष ढेबरुआ चन्द्रकांत पाण्डेय, पीएसी बल एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
कई बाजारों और कस्बों में पुलिस की पैदल गश्त, चेकिंग अभियान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश तथा अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी पुलिस टीमों ने पैदल गश्त एवं चेकिंग अभियान चलाया। इसका उद्देश्य त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना और आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करना रहा।
थाना गोल्हौरा: पुलिस टीम ने जिगिनियहवा बाजार में पैदल गश्त एवं चेकिंग की। इस दौरान व्यापारियों और आम नागरिकों से संवाद कर आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।
थाना लोटन: पुलिस ने लोटन बाजार में पैदल गश्त करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
थाना कपिलवस्तु: थाना क्षेत्र के कस्बे में पुलिस टीम ने पैदल गश्त एवं चेकिंग कर त्योहारों के दौरान सतर्कता बरती।
थाना खेसरहा: पुलिस ने कस्बा बेलौहा में पैदल गश्त कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया तथा शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
थाना मोहाना: पुलिस टीम ने भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के बॉर्डर ककरहवा पर पैदल गश्त एवं चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरती गई।
थाना पथरा बाजार: पुलिस ने पथरा बाजार में पैदल गश्त एवं चेकिंग कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी की।
थाना बांसी: कस्बा बांसी में पुलिस टीम ने पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और नागरिकों से त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की।
डुमरियागंज में क्षेत्राधिकारी ने पुलिस टीम के साथ किया भ्रमण
इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज बृजेश कुमार वर्मा ने थाना डुमरियागंज पुलिस के साथ कस्बे में पैदल गश्त की। उन्होंने आमजन से संवाद स्थापित कर त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक डुमरियागंज श्रीप्रकाश यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
सिद्धार्थनगर पुलिस द्वारा धनतेरस, दीपावली एवं छठ पूजा के मद्देनजर जनपद के विभिन्न बाजारों, कस्बों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त एवं चेकिंग की जा रही है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।
NGV PRAKASH NEWS