5 कुंतल पटाखा पुलिस ने किया जप्त…….

Gyan Prakash Dubey

धनघटा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: रिहायशी इलाके में छिपाकर रखा गया 5 क्विंटल 20 किलो अवैध पटाखा बरामद, एक गिरफ्तार

संतकबीरनगर 06 नवंबर 2026

दीपावली और अन्य त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ संतकबीरनगर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना धनघटा पुलिस ने बण्डा बाजार में छापेमारी कर रिहायशी इलाके में असुरक्षित तरीके से भंडारित किए गए भारी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से कुल 5 क्विंटल 20 किलोग्राम विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

बण्डा बाजार में असुरक्षित तरीके से रखा गया था पटाखों का भंडार

पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा के निकट पर्यवेक्षण में अवैध पटाखों के भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत 5 नवंबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक धनघटा अजय कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमणशील थे। इसी दौरान पुलिस को बण्डा बाजार में अवैध रूप से पटाखे भंडारित किए जाने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके से भारी मात्रा में विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए।

5 क्विंटल 20 किलो पटाखों के साथ आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में राजकुमार मद्धेशिया पुत्र फेकू प्रसाद, निवासी बण्डा बाजार, थाना धनघटा, जनपद संतकबीरनगर को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से कुल 5 क्विंटल 20 किलोग्राम विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए गए।

इस संबंध में थाना धनघटा पर मु0अ0सं0-728/2026 के तहत धारा 288 बीएनएस एवं धारा 9बी विस्फोटक अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में कांस्टेबल महेन्द्र निषाद और कांस्टेबल जितेन्द्र यादव शामिल रहे।

संतकबीरनगर पुलिस ने आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए कहा है कि रिहायशी इलाकों में ज्वलनशील पदार्थों और विस्फोटक सामग्री का असुरक्षित भंडारण करने वालों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *