Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

त्योहारों की सुरक्षा को लेकर सड़क पर उतरे SP संदीप कुमार मीना, मधुकुंज तिराहे से बैंक चौराहा तक किया पैदल गश्त
संतकबीरनगर 6 नवंबर 2026
धनतेरस, दीपावली एवं छठ पूजा के त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए संतकबीरनगर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने पुलिस बल के साथ थाना कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मधुकुंज तिराहे से बैंक चौराहा तक भ्रमण कर आमजन एवं व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक ने बाजारों, प्रमुख चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यापारियों और आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।
एसपी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि बाजारों, संवेदनशील क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर कड़ी निगरानी रखी जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा जाए, जिससे त्योहारों के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पुलिस अधिकारियों के साथ किया भ्रमण
इस पैदल गश्त के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी यातायात अमित कुमार, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद जय प्रकाश दुबे, प्रभारी यातायात परमहंस तथा पुलिस अधीक्षक के पीआरओ पीके गुप्ता सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
संतकबीरनगर पुलिस द्वारा आगामी त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए लगातार गश्त एवं चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि धनतेरस, दीपावली और छठ पूजा का पर्व जनपद में शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।
NGV PRAKASH NEWS