Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

12वीं के बाद क्या? बस्ती के विद्यार्थियों को मिलेगा करियर की सही दिशा, 17 सितंबर को विशेष कैरियर काउंसलिंग सत्र
बस्ती, 12 सितंबर 2026।
10वीं और 12वीं के बाद कौन-सा विषय चुना जाए, आगे की पढ़ाई किस क्षेत्र में की जाए और अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुसार बेहतर करियर का चुनाव कैसे किया जाए—ये सवाल आज हजारों विद्यार्थियों के सामने हैं। विद्यार्थियों की इसी दुविधा को अवसर में बदलने के उद्देश्य से पहल संस्था की ओर से आगामी 17 सितंबर 2026 को एक विशेष कैरियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया जा रहा है।
इस विशेष सत्र में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ विद्यार्थियों से सीधे संवाद करेंगे और उनकी रुचि, क्षमता तथा भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें करियर चयन की सही दिशा दिखाएंगे। विद्यार्थी इस दौरान अपनी जिज्ञासाओं और सवालों को विशेषज्ञों के सामने रखकर अलग-अलग करियर विकल्पों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, इंजीनियरिंग, चिकित्सा, पत्रकारिता, कानून, प्रशासनिक सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं के बारे में मार्गदर्शन दिया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को बिना किसी भ्रम और संकोच के अपने भविष्य को लेकर सही निर्णय लेने के लिए प्रेरित करना है।
आयोजकों के अनुसार 10वीं और 12वीं के बाद लिया गया निर्णय विद्यार्थी के भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में विद्यार्थियों को समय रहते अपनी रुचि और क्षमता को पहचानकर सही क्षेत्र का चुनाव करना चाहिए।
यह विशेष कैरियर काउंसलिंग सत्र 17 सितंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित किया जाएगा। इसमें शामिल होने के इच्छुक विद्यार्थियों से गूगल फॉर्म के माध्यम से अपना पंजीकरण कराने की अपील की गई है।
आयोजकों का संदेश है कि बस्ती के बच्चों के सपने छोटे नहीं हैं, जरूरत सिर्फ उन सपनों को सही दिशा और नई उड़ान देने की है। इसी उद्देश्य के साथ बस्ती को ‘बेस से स्पेस’ तक ले जाने की पहल की जा रही है।
पंजीकरण के लिए गूगल फॉर्म:
Google Form पर पंजीकरण करें
https://docs.google.com/forms/d/1dlz8alKK8G7rll9qIXg3g-P_7bJs8AXhZCSLtvl6GCA/edit#basti
NGV PRAKASH NEWS