सेवा और समर्पण की टीम के साथ असहाय महिला के घर पहुंचे डॉ. प्रेम प्रकाश त्रिपाठी,पहुंचाई मदद…….

Gyan Prakash Dubey-NGV PRAKASH NEWS

सेवा और समर्पण की टीम के साथ पहुंचे डॉ. प्रेम प्रकाश त्रिपाठी, असहाय बुजुर्ग महिला तक पहुंचाई मदद

बस्ती.

इंसानियत और सेवा भावना का परिचय देते हुए आज सेवा समर्पण भाव परिवार की टीम गायघाट, कलवारी पहुंची, जहां टीम को इलईचा देवी नाम की एक बुजुर्ग महिला की दयनीय स्थिति की जानकारी मिली थी ।

प्रेम प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि इलईचा देवी के पति का निधन करीब 25 वर्ष पहले हो चुका है। तब से वह अकेले ही जीवन गुजार रही हैं। पहले मेहनत-मजदूरी करके किसी तरह अपना पेट पालती थीं, लेकिन उम्र बढ़ने के साथ अब वह शारीरिक रूप से कमजोर और असहाय हो गई हैं। उनके पास न तो रहने के लिए अपना मकान है और न ही खाने-पीने के लिए पर्याप्त राशन।

पिछले दिनों उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद उनकी स्थिति की जानकारी लोगों तक पहुंची। इसी क्रम में आज डॉ. प्रेम प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में सेवा समर्पण भाव परिवार की टीम ने मौके पर पहुंचकर बुजुर्ग महिला की मदद की।

टीम की ओर से इलईचा देवी को खाद्यान्न सामग्री, साबुन, सर्फ, चप्पल, कंबल सहित दैनिक जीवन में उपयोग होने वाली जरूरी वस्तुएं उपलब्ध कराई गईं। टीम ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार उनकी जरूरतों को पूरा करने का प्रयास किया।

डॉ. प्रेम प्रकाश त्रिपाठी ने समाज के सक्षम और संवेदनशील लोगों से अपील की कि वे भी आगे आकर इस बुजुर्ग महिला की मदद करें। उन्होंने बताया कि महिला के अनुसार उन्हें सरकार की ओर से केवल पेंशन मिलती है, जबकि अन्य जरूरी सुविधाएं अभी तक नहीं मिल पाई हैं।

इस समय महिला के लिए सबसे बड़ी जरूरत राशन कार्ड की है, ताकि उन्हें नियमित रूप से खाद्यान्न मिल सके। साथ ही उनके रहने और जीवनयापन की समुचित व्यवस्था कराने की भी आवश्यकता है।

सेवा समर्पण भाव परिवार ने समाज के लोगों से अपील की कि इलईचा देवी जैसी असहाय बुजुर्ग महिला की मदद के लिए आगे आएं। किसी जरूरतमंद के जीवन में थोड़ी सी मदद भी बड़ा बदलाव ला सकती है। आखिरकार, मानवता की असली पहचान ही जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाना है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *