व्यापारी को गाड़ी में ले जाकर की गईं मारपीट,चलती गाड़ी से कूद कर बचाई जान…….

NGV PRAKASH NEWS

बस्ती में व्यापारी का हाथ-पैर बांधकर बंदूक की बट से पीटा; चलती गाड़ी से कूदकर बचाई जान

बस्ती, 20 नवंबर.

बस्ती में कथित रूप से व्यापारी के अपहरण और हत्या की कोशिश की सनसनीखेज घटना सामने आई है। कंपनीबाग स्थित प्रभा इलेक्ट्रॉनिक के मालिक राजीव पांडे को गुरुवार रात पकौड़ी चौराहे से कथित तौर पर अगवा कर लिया गया। अपहरणकर्ताओं ने उनके हाथ-पैर बांधकर बंदूक की बट से सिर और चेहरे पर हमला किया। गंभीर चोटों के बीच व्यापारी ने रुधौली पहुंचने से पहले चलती गाड़ी से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई।

कथित रूप से बताया जा रहा है कि अपहरण के बाद बदमाश राजीव पांडे को गाड़ी में लेकर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने साहस दिखाते हुए चलती गाड़ी से छलांग लगा दी। सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े व्यापारी पर एक ग्रामीण की नजर पड़ी। ग्रामीण ने उनकी स्थिति देखकर जानकारी जुटाने के बाद पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल व्यापारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुधौली पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर जाने की सलाह दी। बाद में परिजन उन्हें नवयुग नर्सिंग होम ले गए, जहां उनका सिटी स्कैन कराया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली प्रभारी बृजानंद सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत और क्षेत्राधिकारी कुलदीप यादव जिला अस्पताल पहुंचे और घटना से संबंधित जानकारी जुटाई। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह भी रात में नवयुग नर्सिंग होम पहुंचे और घायल व्यापारी के स्वास्थ्य तथा घटना के संबंध में जानकारी ली।

बताया गया कि सिर से अधिक रक्तस्राव होने के कारण रात में व्यापारी को बाहर ले जाना संभव नहीं हो सका। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। परिजनों की ओर से कोतवाली में तहरीर भी दी गई है।

घटना के बाद व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है। चौराहे से व्यापारी को अगवा करने, हाथ-पैर बांधकर हमला करने और फिरौती अथवा अन्य किसी मकसद से वारदात को अंजाम देने की आशंका ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

व्यापारी समुदाय ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए अपहरण और हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना का जल्द खुलासा करने की बात कही जा रही है।

🚨 मामले में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह नें कहा है कि शुरुआती जांच में पैसे के लेनदेन के विवाद के का मामला सामने आया है, जिसमें पीड़ित व्यक्ति के परिजन की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर मामले की छानबीन की जा रही है |

📍 बहरहाल व्यापारी का अपहरण किन परिस्थितियों में और किन लोगों ने किया इसकी सही जानकारी पुलिस जांच के बाद ही पता चलेगी.

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *