मंडलायुक्त की पहल लाई रंग, थाना समाधान दिवस पर शिकायतों में 32 प्रतिशत की आयी कमी…….

Gyan Prakash Dubey-NGV PRAKASH NEWS

मंडलायुक्त की पहल रंग लाई, थाना समाधान दिवस पर शिकायतों में 32 प्रतिशत की गिरावट

बस्ती 19 नवंबर 2026

बस्ती मंडल में थाना समाधान दिवस पर आने वाली शिकायतों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव के नियमित पर्यवेक्षण, समीक्षा और राजस्व-पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। जुलाई-अगस्त 2026 की तुलना में सितंबर-अक्टूबर 2026 के दौरान थाना समाधान दिवस पर प्राप्त शिकायतों में करीब 32 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

आयुक्त सभागार में मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में कानून व्यवस्था, थाना समाधान दिवस एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए जाने के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने पीपीटी के माध्यम से कानून व्यवस्था, शिकायतों के निस्तारण और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए किए गए प्रयासों एवं कार्यवाही का विवरण प्रस्तुत किया।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि जुलाई-अगस्त 2026 में थाना समाधान दिवस पर कुल 653 प्रकरण प्राप्त हुए थे, जबकि सितंबर-अक्टूबर 2026 में यह संख्या घटकर 442 रह गई। इस प्रकार कुल शिकायतों में लगभग 32 प्रतिशत की कमी आई है। भूमि विवादों पर प्रभावी नियंत्रण, संयुक्त टीमों के नियमित भ्रमण, शिकायतों की निगरानी तथा निस्तारण की व्यवस्था को इस सुधार का प्रमुख कारण बताया गया।

जुलाई-अगस्त में प्राप्त 653 प्रकरणों में से 551 का निस्तारण किया गया था, जबकि सितंबर-अक्टूबर में 442 प्रकरणों में से 317 का निस्तारण हुआ, जो कुल प्राप्त शिकायतों का 71.7 प्रतिशत है। जुलाई-अगस्त में राजस्व संबंधी 571 प्रकरण प्राप्त हुए थे।

मंडलायुक्त ने थाना समाधान दिवस पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय से शिकायतों का प्रभावी समाधान करें। उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी स्तर पर प्रकरणों की नियमित साप्ताहिक समीक्षा की जाए और प्रत्येक थाना समाधान दिवस पर संयुक्त रूप से भ्रमण कर जनसुनवाई एवं निस्तारण की स्थिति का जायजा लिया जाए।

उन्होंने राजस्व लेखपाल एवं राजस्व निरीक्षक की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक थाने पर संबंधित लेखपाल, चौकी प्रभारी और हल्का प्रभारी का नाम एवं मोबाइल नंबर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें। राजस्व एवं पुलिस विभाग के साथ विद्युत, नगर निकाय, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, लोक निर्माण, चकबंदी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी आवश्यकतानुसार संयुक्त कार्रवाई में शामिल करने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा में निरोधात्मक कार्रवाई के आंकड़ों के अनुसार जुलाई-अगस्त में 231 तथा सितंबर-अक्टूबर में 130 कार्रवाई की गई। लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर विशेष अभियान के माध्यम से शीघ्र निस्तारण तथा न्यायालय में विचाराधीन मामलों में आदेशों के अनुरूप नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जनपद सिद्धार्थनगर की यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुदृढ़ बनाए जाने के संबंध में भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए किए गए प्रयासों एवं प्रस्तावित कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया। मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस उप महानिरीक्षक संजीव त्यागी, जिलाधिकारी बस्ती कृत्तिका ज्योत्स्ना, जिलाधिकारी संतकबीरनगर अनुज मलिक, जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर गौरव सिंह सोगरवाल, अपर आयुक्त प्रशासन मनोज कुमार तिवारी, तीनों जनपदों के पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *