Gyan Prakash Dubey-NGV PRAKASH NEWS

कार्तिक पूर्णिमा मेले को लेकर भारी वाहनों का रूट डायवर्जन, 23 नवंबर सुबह 8 बजे से लागू होंगे प्रतिबंध
बस्ती 22 नवंबर 2026.
कार्तिक पूर्णिमा मेला के अवसर पर अयोध्या की ओर जाने वाले भारी मालवाहक वाहनों के आवागमन को लेकर यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन जारी किया है। यह डायवर्जन 23 नवंबर 2026 को सुबह 8 बजे से 24 नवंबर को मेला अथवा भीड़ समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा। डायवर्जन के तहत ट्रक, डीसीएम, ट्रैक्टर सहित अन्य भारी मालवाहक वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
यातायात व्यवस्था के तहत जनपद बस्ती की ओर से एनएच-27 पर अयोध्या की तरफ जाने वाले वाहनों को लोलपुर, गोण्डा से नवाबगंज गोण्डा की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, गोण्डा के नवाबगंज की ओर से आने वाले वाहनों को लकड़मण्डी गोण्डा से लोलपुर होते हुए बस्ती की ओर भेजा जाएगा।
इसके अलावा गोरखपुर से एनएच-27 के रास्ते अयोध्या की ओर आने वाले भारी वाहनों को गोरखपुर से लिंक एक्सप्रेस-वे के माध्यम से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
गोरखपुर, संतकबीरनगर और बस्ती की ओर से आने वाले वाहनों के लिए फुटहिया चौकी, थाना नगर, बस्ती से कलवारी, टाण्डा, अकबरपुर, दोस्तपुर होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की ओर वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है।
कार्तिक पूर्णिमा मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन मार्गों का पालन करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
NGV PRAKASH NEWS