आज लगेगा परिवहन मेला, वाहन स्वामियों के मोबाइल नंबर निःशुल्क होंगे अपडेट…….

Gyan Prakash Dubey-NGV PRAKASH NEWS

बस्ती में आज लगेगा परिवहन मेला, वाहन स्वामियों के मोबाइल नंबर निःशुल्क होंगे अपडेट

मोबाइल नंबर अपडेट होने पर फिटनेस, बीमा, परमिट और प्रदूषण प्रमाणपत्र की वैधता समाप्त होने से पहले मिलेगा SMS अलर्ट, बकाया कर जमा करने पर पेनाल्टी में छूट की भी सुविधा

बस्ती, 27 नवंबर 2026.

वाहन स्वामियों को परिवहन विभाग की सेवाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने और वाहनों से संबंधित जरूरी जानकारियां समय पर पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को संभागीय परिवहन कार्यालय, बस्ती में परिवहन मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में वाहन स्वामियों के लिए अपने वाहनों के पंजीकरण अभिलेख में मोबाइल नंबर अपडेट कराने की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध रहेगी।

वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) माला बाजपेयी ने बताया कि परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस मेले का मुख्य उद्देश्य वाहन स्वामियों को परिवहन विभाग से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनके वाहनों के अभिलेखों को अद्यतन करना है।

उन्होंने बताया कि अक्सर वाहन डेटाबेस में मोबाइल नंबर अपडेट नहीं होने के कारण वाहन स्वामियों को अपने वाहनों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां समय पर नहीं मिल पाती हैं। विशेष रूप से वाहन का पंजीयन, फिटनेस, बीमा, परमिट और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र की वैधता समाप्त होने की जानकारी समय से नहीं मिलने पर वाहन स्वामियों को परेशानी उठानी पड़ती है।

परिवहन मेले में वाहन स्वामी अपने वाहनों से संबंधित मोबाइल नंबर निःशुल्क अपडेट करा सकेंगे। मोबाइल नंबर अपडेट होने के बाद संबंधित दस्तावेजों की वैधता समाप्त होने से पहले ही वाहन स्वामियों के मोबाइल पर SMS के माध्यम से सूचना भेजी जा सकेगी। इससे वे समय रहते अपने आवश्यक अभिलेखों का नवीनीकरण करा सकेंगे और दस्तावेजों की वैधता समाप्त होने के कारण होने वाले चालान एवं पेनाल्टी से बच सकेंगे।

बकाया कर जमा करने पर पेनाल्टी में छूट

परिवहन मेले में व्यावसायिक वाहनों के स्वामियों के लिए भी विशेष सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जिन व्यावसायिक वाहनों पर परिवहन कर बकाया है, उनके स्वामियों को पेनाल्टी में छूट के साथ बकाया कर जमा करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।

इसके अलावा नए वाहनों के पंजीयन, फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट तथा परिवहन विभाग की अन्य सेवाओं से संबंधित समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।

परिवहन विभाग की अपील

वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी माला बाजपेयी ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे 27 नवंबर को संभागीय परिवहन कार्यालय, बस्ती पहुंचकर परिवहन मेले का लाभ उठाएं। अपने वाहनों से संबंधित मोबाइल नंबर एवं आवश्यक अभिलेख अपडेट कराएं, ताकि भविष्य में परिवहन विभाग की महत्वपूर्ण सूचनाएं समय पर प्राप्त हो सकें।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *