NGV PRAKASH NEWS

वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के फ्लैट में आग, सेवादारों के व्यवहार से बढ़ा विवाद
मथुरा, 11 जनवरी 2026 —
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन स्थित छटीकरा मार्ग पर श्रीकृष्ण शरणम् सोसाइटी में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब प्रेमानंद महाराज के नाम से जुड़े फ्लैट संख्या 212 में अचानक आग लग गई। प्राथमिक तौर पर आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तथा प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फ्लैट से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे। इसी दौरान पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि प्रेमानंद महाराज पिछले करीब एक महीने से श्री राधाहित कैलिकुंज में निवास कर रहे हैं, जिससे किसी बड़ी अनहोनी की आशंका टल गई। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
वहीं घटना के दौरान उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब महाराज के सेवादारों ने मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और समाचार कवरेज कर रहे पत्रकारों को वीडियो बनाने से रोकने की कोशिश की।
लोगों का आरोप है कि कुछ सेवादारों ने लोगों के मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया और पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया, जिससे वहां मौजूद लोगों में नाराजगी फैल गई।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे संकट के समय सहायता के लिए पहुंचे थे, लेकिन उन्हें अपमानजनक व्यवहार का सामना करना पड़ा। इस घटना के बाद ब्रज क्षेत्र के लोगों में रोष देखा गया है और प्रशासन से सेवादारों के आचरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की जा रही है।
👉 साथ ही कुछ लोगों ने यह संदेह व्यक्त किया है कि जिस तरह का आचरण सेवादार कर रहे थे, उस हिसाब से आग लगने में उनकी भूमिका भी संदेह के घेरे में आ गई है | उनकी भी उचित जांच की जानी आवश्यक है |
दमकल विभाग ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है और सोसाइटी में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही किसी जिम्मेदारी का निर्धारण किया जाएगा।
NGV PRAKASH NEWS
