
ऐसा शख्स जिसको सुनाई गई कुल 1853 साल की सजा
लुइस अल्फ्रेडो गारावितो के पास एक डायरी थी, जिसमें वो बच्चों की संख्या लिखता था
वो ठंड भरी एक रात थी। कोलंबिया के एक छोटे से कस्बे में घना अंधेरा पसरा हुआ था। गलियों में सिर्फ सन्नाटा और हवा की सरसराहट सुनाई दे रही थी। अचानक कहीं दूर से एक हल्की सी आवाज आई, मानो किसी ने अपने पैरों को जमीन पर घसीटा हो, ये शैतानी परछाई कोई और नहीं, बल्कि लुइस गारावितो था। एक ऐसा नाम, जो लोगों के दिलों में अब तक खौफ की तरह गूंजता है। उस रात, जब बच्चे बिस्तर में दुबके हुए अपनी-अपनी मां के पास सो रहे थे, तब भी कोलंबिया की हवाओं में एक दबी हुई चीख घुली हुई थी।
गारावितो, जिसे उस वक्त ‘ला बेस्टिया’ यानी ‘दरिंदा’ कहा जाता था, वो शैतानी परछाई बनकर 150 से ज्यादा मासूम बच्चों की जिंदगियों से खेल चुका था। उसे पकड़ा गया, सैकड़ों साल की सजा हुई और तब जाकर कोलंबिया ने राहत की सांस ली। रिपोर्ट्स के अनुसार, गारावितो कोलंबिया के इतिहास का सबसे कुख्यात और भयावह सीरियल किलर था। उसने 150 से ज्यादा मासूम बच्चों की जिंदगियों को मटियामेट कर दिया।
वह बच्चों को अपने जाल में फंसाने के लिए कभी भिखारी बन जाता था, तो कभी कोई साधु या भला इंसान। एक मीठी मुस्कान, कुछ पैसे और एक सॉफ्ट ड्रिंक का लालच देकर वो बच्चों को सुनसान जगहों पर ले जाता था। वहां से जो दर्दनाक कहानियां शुरू होतीं, उनकी दहशत को शब्दों में बयां कर पाना मुश्किल है। पहले वो बच्चों का यौन शोषण करता, फिर उन्हें टॉर्चर करता और अंत में उनका गला काट देता।
16 साल की उम्र में छोड़ दिया घर
लुइस अल्फ्रेडो गारावितो की जिंदगी एक दुखद कहानी से शुरू हुई थी, लेकिन उसने जो भयानक रास्ता चुना, उसने उसे मानवता का सबसे बड़ा दुश्मन बना दिया। 25 जनवरी 1957 को कोलंबिया में जन्मा गारावितो सात भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और बचपन से ही अपने पिता मैनुअल एंटोनियो की क्रूरता का शिकार बन गया। उसके पिता ने उसे मार-पीट कर और अपमानित करके उसका मानसिक संतुलन बिगाड़ दिया था। मां ने भी कभी उसे स्नेह नहीं दिया।
यहां तक कि पड़ोसियों ने भी उसे शारीरिक और यौन शोषण का शिकार बनाया। गारावितो ने 16 साल की उम्र में घर छोड़ दिया और फिर कभी लौटकर नहीं आया। उसने छोटी-मोटी नौकरियां कीं, लेकिन उसके भीतर जो क्रूरता भरी थी, वह धीरे-धीरे बढ़ती गई। गारावितो ने ऐसे मासूम बच्चों को निशाना बनाना शुरू किया, जो गरीब और बेसहारा थे। वह उन्हें पैसों या खाने-पीने की चीजों का लालच देकर फंसाता और फिर उनके साथ दुष्कर्म और हत्या कर देता |
1990 के दशक में कोलंबिया के विभिन्न शहरों से एक के बाद एक बच्चे लापता होने लगे। गारावितो ने 1994 से लेकर 1999 तक लगभग 172 बच्चों की हत्या की, जिनकी उम्र 8 से 16 साल के बीच थी। इन वारदातों को अंजाम देने के लिए वो कभी भिखारी बनकर, तो कभी गरीब आदमी बनकर बच्चों के पास जाता। वह बच्चों को पहले बहलाता, फिर उनका यौन शोषण करता और अंत में उनकी हत्या कर देता।
गारावितो का पैटर्न हमेशा एक जैसा था। जिन बच्चों की लाश मिलती, उनकी गर्दन काटी जाती थी और शरीर पर प्रताड़ना के निशान होते थे। गारावितो का क्राइम उस समय तक छिपा रहा, जब तक कि पुलिस को कई जगहों पर एक साथ कई लाशें नहीं मिलीं। 1999 में जब पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि ये सभी अपराध एक ही आदमी द्वारा किए गए हैं।
पुलिस ने गहन जांच शुरू की और धीरे-धीरे गारावितो के खौफनाक अपराधों की परतें खुलने लगीं। लुइस अल्फ्रेडो गारावितो को पुलिस ने अप्रैल 1999 में गिरफ्तार किया था। उसे एक लड़के ने, एक बच्चे के साथ दुष्कर्म की कोशिश करते हुए देख लिया था। जब उस लड़के ने गारावितो पर हमला किया तो वह भागने लगा। पुलिस को इस घटना की जानकारी मिली और उन्होंने उसे जंगल से पकड़ लिया।
साल 1999 में पुलिस के हाथों गिरफ्तार होने के बाद गारावितो ने खुद स्वीकार किया कि उसने 140 से ज्यादा बच्चों के साथ दुष्कर्म और उनकी हत्या की। उसकी गिरफ्तारी से पहले पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि वो अपराधी को पहचान ही नहीं पाई थी, लेकिन लाशों की बढ़ती संख्या और एक जैसे पैटर्न ने आखिरकार उन्हें उस हैवान के करीब लाकर खड़ा कर दिया।
डायरी में लिखता था बच्चों की संख्या
गारावितो ने गुनाहों की एक लंबी लिस्ट दिखाते हुए अपने सभी अपराध कबूल किए। उसकी डायरी में काले अक्षरों में 140 मासूम जिंदगियों के खत्म होने की कहानी लिखी थी। इसके बाद की कहानियां लिखने से पहले ही पुलिस ने उसे धर दबोचा। उसका कबूलनामा कोलंबिया के लिए एक दहशत के रूप में सामने आया। अदालत ने गारावितो को 50 से अधिक लंबी सजाएं सुनाईं, जो कुल 1853 साल की थीं।
👉 नवभारत टाइम्स के सौजन्य से
