दिल्ली बम ब्लास्ट : खालिस्तान, जस्टिस लीग और टेलीग्राम पर टिकी सुरक्षा एजेंसियो की निगाहें

Gyan Prakash Dubey

दिल्ली बम ब्लास्ट : खालिस्तान जस्टिस लीग और टेलीग्राम पर टिकी एजेंसियों की निगाहें

नई दिल्ली 21 अक्टूबर 24.

*देश में लगातार हो रहे ट्रेनों को पलटने की साजिश, धमकियां को हल्के में लेना, विपक्ष का अपने स्वार्थ के लिए देश हित को किनारे रखकर बयान बाजी करना और देश की सुरक्षा एजेंसियों की सुस्ती की देन है दिल्ली बम ब्लास्ट*


रविवार सुबह दिल्ली के रोहिणी इलाके के प्रशांत विहार में स्थित सीआरपीएफ स्कूल के बाहर हुए धमाके ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। धमाका इतना जोरदार था कि आस-पास की दीवारें और दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं, और धमाके की आवाज दूर तक सुनी गई। घटनास्थल पर पहुंचे फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने नमूने इकट्ठा किए हैं, और दिल्ली पुलिस के मुताबिक इस धमाके के पीछे खालिस्तानी आतंकियों का हाथ हो सकता है।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि टेलीग्राम पर एक पोस्ट वायरल हो रहा है, जिसमें ‘जस्टिस लीग इंडिया’ नामक संगठन ने इस धमाके की जिम्मेदारी ली है। पोस्ट के अनुसार, यह हमला भारतीय एजेंटों द्वारा खालिस्तान समर्थक अलगाववादियों को निशाना बनाने के जवाब में किया गया है। पोस्ट के साथ ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ का वॉटरमार्क भी देखा गया है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने टेलीग्राम से उक्त पोस्ट से जुड़ी जानकारी मांगते हुए पत्र लिखा है, ताकि इस संगठन के बारे में और जानकारियाँ मिल सकें।

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, धमाके में कम तीव्रता वाला आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) इस्तेमाल हुआ है, जिसे टाइमर या रिमोट के जरिए नियंत्रित किया जा सकता था। इस आईईडी में छर्रे या बॉल बेयरिंग का उपयोग नहीं किया गया, जिससे स्पष्ट होता है कि इसका उद्देश्य लोगों को डराना या प्रशासन को संदेश देना था।

एनआईए, एनएसजी, और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल इस धमाके की गहराई से जांच कर रही हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने घटनास्थल पर घेराबंदी कर दी है, और इलाके में एनएसजी कमांडो ने रोबोट तैनात कर विस्फोटक सामग्री की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को घटनास्थल पर एक संदिग्ध सफेद पाउडर मिला, जिसे फॉरेंसिक लैब भेज दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि यह पाउडर अमोनियम नाइट्रेट और क्लोराइड का मिश्रण हो सकता है, जिससे धमाके के पीछे की मंशा का पता लगाया जा सकेगा।

इस बीच, दिल्ली पुलिस मोबाइल नेटवर्क का डेटा जुटा रही है, ताकि पता चल सके कि धमाके के वक्त कौन-कौन से मोबाइल नंबर एक्टिव थे। सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण भी जारी है, जिसमें एक सफेद टी-शर्ट पहने संदिग्ध को देखा गया है। पुलिस ने आसपास के इलाकों में गश्त तेज कर दी है और स्थानीय बाजारों में बम निरोधक दस्ते तैनात किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, यह धमाका हाल के दिनों में एयरलाइंस को बम से उड़ाने की धमकियों की कड़ी में एक और घटना हो सकती है। इस धमाके के पीछे की साजिश को समझने के लिए सभी एंगल्स की जांच की जा रही है।

समाचार स्रोत.. ए एन आई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *