Gyan Prakash Dubey
गाँधी नगर,गुजरात 22 अक्टूबर 24
फर्जी ट्रिब्यूनल बनाकर खुद को बताया जज, अहमदाबाद पुलिस ने किया गिरफ्तार
गुजरात के गांधीनगर में एक शख्स ने फर्जी ट्रिब्यूनल बनाकर खुद को जज बताया और ऑफिस में असली अदालत जैसा माहौल बनाते हुए फैसले सुनाए।
आरोपी का नाम मॉरिस सैमुअल है, जिसे अहमदाबाद पुलिस ने नकली जज बनकर लोगों को धोखा देने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
मॉरिस ने आर्बिट्रेटर (मध्यस्थ) के रूप में अरबों रुपए की 100 एकड़ सरकारी जमीन अपने नाम कर ऑर्डर पारित किए। चौंकाने वाली बात यह है कि यह फर्जी कोर्ट पिछले पांच साल से चल रही थी। मॉरिस उन लोगों को फंसाता था, जिनके जमीन विवाद के केस सिविल कोर्ट में पेंडिंग थे, और उनसे फीस वसूलता था। वह खुद को सरकारी नियुक्त मध्यस्थ बताता था और अपने ऑफिस को अदालत जैसा दिखाता था।
मॉरिस कोर्ट की तरह कार्रवाई करते हुए अपने पक्ष में आदेश पारित करता था। उसके साथी अदालत के कर्मचारी या वकील बनकर इसे असली दिखाते थे। आरोपी अब तक 11 से ज्यादा मामलों में ऑर्डर पारित कर चुका था।
2019 में एक केस के दौरान असली कोर्ट के रजिस्ट्रार हार्दिक देसाई ने मॉरिस की साजिश का पर्दाफाश किया। उन्होंने पाया कि न तो मॉरिस मध्यस्थ है और न ही उसके द्वारा जारी आदेश असली हैं। इसके बाद करंज पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जिससे उसकी फर्जी अदालत का भंडाफोड़ हुआ।