Gyan Prakash Dubey

दिल्ली, 23 अक्टूबर 2024
बुधवार को दिल्ली के शाहदरा इलाके में एक 40 वर्षीय व्यक्ति द्वारा हाई-वोल्टेज बिजली के खंभे पर चढ़ने से इलाके में हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद व्यक्ति को सुरक्षित नीचे उतारा। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, पुलिस ने बताया कि व्यक्ति मानसिक रूप से अस्थिर प्रतीत हो रहा था और उसकी पहचान मधुसूदन विश्वास के रूप में हुई है।
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया, “हमें सुबह 10:30 बजे यमुना खादर क्षेत्र से सूचना मिली कि एक व्यक्ति हाई-वोल्टेज बिजली के खंभे पर चढ़ गया है। तुरंत हमारी रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंची और उसे सुरक्षित उतारा।” उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है, और उसकी मानसिक स्थिति की जांच के लिए एक मनोचिकित्सक को बुलाया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, व्यक्ति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी, और भारत के चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ से बात करने की मांग कर रहा था। वह पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करना चाहता था। डीएफएस के एडीओ यशवंत सिंह मीणा ने बताया, “यह व्यक्ति विभिन्न तरह की बातें कर रहा था और उसकी स्थिति को देखते हुए स्पष्ट नहीं हो सका कि वह कहां से है।”
