बाल अपचारियों में हुई वर्चस्व की लड़ाई,10 घायल 3 फरार.

जी. पी. दुबे

गोरखपुर में बवाल: बाल संप्रेक्षण गृह में भिड़े अपचारी, 10 घायल; तीन भागे

गोरखपुर17 नवंबर 24.

पादरी बाजार स्थित राजकीय बाल संप्रेक्षण गृह में रविवार सुबह बड़ा बवाल हुआ। बंदियों के बीच हुई मारपीट में दस लोग घायल हो गए, जबकि तीन अपचारी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

शनिवार की देर रात अपचारियों के दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई के चलते विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों गुटों ने खिड़की के कांच को तोड़कर एक-दूसरे पर हमला कर दिया। घटना के बाद चीख-पुकार सुनकर सुरक्षाकर्मियों ने अधिकारियों को सूचित किया और घायलों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजा।

गौरतलब है कि चार दिन पहले तिवारीपुर के सूर्यकुंड स्थित राजकीय बाल संप्रेक्षण गृह को पादरी बाजार स्थित अनाथ आश्रम में शिफ्ट किया गया था। इस समय संप्रेक्षण गृह में 277 अपचारी बंद हैं, जबकि इसकी क्षमता केवल 125 की है, जिससे यहां भीड़भाड़ का माहौल बना हुआ है।

हंगामे के दौरान तीन अपचारी संप्रेक्षण गृह की ग्रिल तोड़कर फरार हो गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने घटना के बाद स्थिति पर काबू पाया और फरार अपचारियों की तलाश में जुट गए हैं।

इस घटना के बाद जेल में तीन दिनों तक मुलाकातों पर रोक लगा दी गई है। सीओ गोरखनाथ, रवि सिंह ने बताया कि घायलों का इलाज किया गया और नौ अपचारियों को रात में ही संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक अपचारी को रविवार सुबह छुट्टी दी गई।

यह घटना इस बात का संकेत है कि बाल सुधार गृह में क्षमता से अधिक बंदियों की वजह से तनाव और हिंसा बढ़ रही है, जिस पर प्रशासन को ध्यान देने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *