
जी. पी. दुबे
9721071175
मेरी मम्मी को बचा लो
प्रतापगढ़ 17 नवंबर 24.
मामला कुंडा कोतवाली क्षेत्र का है। रविवार सुबह 11:30 का समय था। इस दौरान कुंडा कोतवाली के महिला हेल्प डेस्क के पास आठ वर्षीय बालिका पहुंची । उसने शरीर पर गमछा लपेटा था और नंगे पांव रोते हुए पहुंची थी।
पुलिसकर्मियों के मुताबिक, बच्ची ने रोते हुए कहा, ‘दीदी मेरी मां को बचा लो।
‘ डेस्क पर मौजूद महिला सिपाही प्रिया शुक्ला, पूजा यादव व अनुराधा सिंह अचंभित रह गईं। बच्ची बहुत रो रही थी तो उसे पहले समझाया बुझाया। महिला सिपाही ने बच्ची को शांत कराया, ताकि पूरी बात को सही तरीके से कह सके।
चुप होने के बाद बच्ची ने अपना नाम रिया बताया। उसने बताया कि उसके पिता का नाम प्रवीन पटेल है, वह लोग अनखोरिया के रहने वाले हैं। इसके बाद बच्ची से उसके मम्मी के बारे में पूछा गया। तब रिया ने बताया कि उसके पापा उसकी मम्मी को पीट रहे हैं, जबकि बड़ी बहन संध्या बचाने का प्रयास कर रही है, लेकिन पापा नहीं सुन रहे हैं।
रिया फिर से रोते हुए बोलने लगी, ‘दीदी जल्दी चलो और मेरी मम्मी को बचा लो।’ बालिका की बात सुनकर महिला सिपाही भी भावुक हो गईं।
कोई अप्रिय घटना ना घट जाए, इससे पहले उन्होंने पूरी बात को कोतवाल सत्येंद्र सिंह को बताया।
कोतवाल के निर्देश पर तत्काल महिला सिपाहियों ने बालिका को साथ लेकर अनखोरिया पहुंची।
मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि प्रवीन अपनी पत्नी विजमा देवी को पीट रहा था। पुलिस ने प्रवीन के चंगुल से विजमा को छुड़ाया। साथ ही पुलिस ने प्रवीण को फटकार लगाई और तुरंत हिरासत में ले लिया। दूसरी तरफ पुलिस घायल महिला व दोनों बेटियों को लेकर कोतवाली पहुंच गई। इसके बाद महिला को इलाज के लिए सीएचसी कुंडा ले गई।
यहां पर विजमा का इलाज कराया।
इस संबंध में कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला का इलाज कराया गया है। वो अभी ठीक है। आरोपी पति को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है।



