
Gyan Prakash Dubey
भोपाल में फर्जी महिला एडिशनल एसपी गिरफ्तार: सच्चाई ने किया हैरान
भोपाल 24 नवंबर 24
भोपाल की सड़कों पर शुक्रवार को एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। पुलिस ने एक महिला को एडिशनल एसपी की वर्दी में न्यू मार्केट में घूमते हुए पकड़ा। गहराई से छानबीन के बाद पता चला कि यह युवती, शिवानी चौहान, फर्जी पुलिस अधिकारी थी।
फर्जी अधिकारी बनने की वजह
शिवानी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसकी मां की तबीयत बेहद खराब है और परिवार के तानों से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। उसने दावा किया कि यूपीएससी का मेंस क्लियर कर लिया है और पुलिस सेवा में चयनित हो चुकी है। लेकिन जब परिवारवालों ने बार-बार नौकरी जॉइन करने की बात पूछी, तो उसने भोपाल आकर यह नाटक रच दिया।
न्यू मार्केट में खरीदारी के दौरान टीटी नगर थाने की एक महिला एसआई को युवती की वर्दी पर शक हुआ। नेम प्लेट और बैज देखकर उन्होंने पाया कि यह वर्दी असली अधिकारियों की मानक वर्दी से मेल नहीं खा रही थी। तुरंत उसे थाने ले जाया गया, जहां पूछताछ में सच्चाई सामने आई।
शिवानी ने बताया कि उसने इंदौर के पुलिस कैंटीन के सामने एक दुकान से वर्दी, बेल्ट और जूते खरीदे थे। वर्दी का डिज़ाइन, बैज और पदक से जुड़ी जानकारी उसने यूट्यूब से सीखी थी।
मामले में एसीपी चंद्रशेखर पांडे ने कहा, “महिला को न्यू मार्केट में संदिग्ध अवस्था में देखा गया। पूछताछ में उसने अपनी गलती मानी। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे जमानत पर छोड़ दिया गया।”



