
जी.पी.दुबे
97210 711 75
सोशल मीडिया पर तय हुई शादी में बड़ा धोखा: दूल्हा बारात लेकर पहुंचा, लड़की और आयोजन स्थल गायब
मोगा 7 दिसंबर 24.
सोशल मीडिया पर प्यार के रिश्ते बनना अब आम हो गया है, लेकिन कभी-कभी यह रिश्ते धोखे की कहानी भी बन जाते हैं।
ऐसा ही एक मामला पंजाब के मोगा में सामने आया, जहां एक दूल्हे को अपनी बारात लेकर थाने पहुंचना पड़ा।
जालंधर जिले के नकोदर तहसील के मडियाला गांव के रहने वाले दीपक कुमार, जो दुबई में नौकरी करते हैं, की सोशल मीडिया पर मनप्रीत कौर नाम की एक लड़की से दोस्ती हुई। बातचीत का सिलसिला बढ़ा और दोनों ने शादी का फैसला कर लिया। शादी की तारीख और जगह भी तय कर ली गई।
तय कार्यक्रम के अनुसार दीपक अपने परिवार और बारातियों के साथ रविवार दोपहर 12 बजे मोगा के रोज गार्डन पैलेस पहुंचा। लेकिन वहां न तो शादी का कोई आयोजन स्थल मिला और न ही लड़की का कोई पता।
कई बार फोन करने पर लड़की ने केवल इतना कहा कि वे वहीं रुके वह उन्हें लेने आ रहे हैं। इसके बाद फोन बंद हो गया। बारात दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक भूखी-प्यासी इंतजार करती रही, लेकिन लड़की और उसके परिवार का कोई अता-पता नहीं चला।
आखिरकार, निराश होकर दीपक और उसके परिवार ने मोगा के थाना सदर में शिकायत दर्ज करवाई। दीपक के पिता प्रेमचंद ने बताया कि शादी की तैयारियों में 50-60 हजार रुपये भी खर्च किए गए थे, जो लड़की पक्ष ने जरूरत के नाम पर मांगे थे।
थाना प्रभारी हरजिंदर सिंह ने कहा कि शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस लड़की के फोन नंबर के आधार पर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल, शादी के नाम पर हुई इस ठगी ने सभी को हैरान कर दिया है।



