तुम काफिर हो : पत्नी ने जब पुलिस की तारीफ की तो पति ने कहा और उसके बाद..

जी.पी.दुबे

संभल हिंसा: पुलिस का समर्थन करने पर पत्नी को कहा काफिर, दिया तीन तलाक

मुरादाबाद, 7 दिसंबर 2024:
संभल हिंसा के दौरान पुलिस की कार्रवाई का समर्थन करने पर एक महिला को उसके पति ने काफिर कहकर तीन तलाक दे दिया। महिला ने एसएसपी कार्यालय में शिकायती पत्र देकर पति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में महिला ने अपने साथ हुए उत्पीड़न, दहेज प्रताड़ना और बेटी के साथ छेड़छाड़ का भी गंभीर आरोप लगाया है।

कटघर क्षेत्र की रहने वाली महिला का 2012 में निकाह हुआ था, जिससे तीन बच्चे हैं। महिला के अनुसार, उसका पहले पति से 2021 में तलाक हो गया था। इसके बाद, एक निर्यात फर्म के मर्चेंडाइज़र से संपर्क हुआ, जिसने निकाह का झांसा देकर दुष्कर्म किया। दबाव बढ़ने पर दिसंबर 2021 में निकाह कर लिया गया और दोनों साथ रहने लगे।

महिला ने आरोप लगाया कि निकाह के कुछ ही समय बाद पति ने दहेज की मांग शुरू कर दी। विरोध करने पर पति ने मारपीट की। इतना ही नहीं, महिला की बेटी के साथ छेड़छाड़ और जेठ द्वारा दुष्कर्म के प्रयास के भी आरोप लगाए गए हैं।

हाल ही में संभल में हुई हिंसा के दौरान जब महिला ने पुलिस की कार्रवाई का समर्थन किया और कहा कि “अगर कोई पुलिस पर हमला करेगा तो उन्हें अपनी सुरक्षा का अधिकार है,” यह बात उसके पति को नागवार गुजरी। पति ने गुस्से में उसे काफिर कहते हुए तीन तलाक दे दिया।

महिला ने एसएसपी कार्यालय में जाकर अपनी आपबीती सुनाई और पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित धाराओं के तहत आरोपों की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *