
Gyan Prakash Dubey
ठेकेदार ने बैंक में घुसकर महिला मैनेजर से की बदसलूकी, मोबाइल और पर्स पटका, हाथ भी उठाया
पटना, 8 दिसंबर 2024:
गांधी मैदान थाना क्षेत्र के केनरा बैंक शाखा में शनिवार को ठेकेदार राकेश कुमार सिंह ने महिला मैनेजर से बदसलूकी की। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए महिला मैनेजर का मोबाइल और पर्स पटक दिया और मारपीट की भी कोशिश की। घटना के बाद से पीड़िता सदमे में हैं। सहकर्मियों की मदद से वह थाने पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई।
सिबिल स्कोर सुधारने का बना रहा था दबाव
पुलिस के अनुसार, ठेकेदार राकेश कुमार सिंह ने बैंक में ऋण के लिए आवेदन किया था, लेकिन सिबिल स्कोर खराब होने के कारण आवेदन खारिज कर दिया गया। इस बात से नाराज होकर वह बैंक पहुंचा और महिला मैनेजर पर सिबिल स्कोर सही करने का दबाव डालने लगा।
मैनेजर ने समझाने की कोशिश की कि सिबिल स्कोर सुधारना उनके स्तर का काम नहीं है, लेकिन ठेकेदार भड़क गया। वह पिटाई करने के लिए मैनेजर की ओर बढ़ा और गाली-गलौज करते हुए उनका मोबाइल और पर्स जमीन पर फेंक दिया।
सीसीटीवी फुटेज से हुई पुष्टि, आरोपी गिरफ्तार
महिला मैनेजर ने घटना का सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल रिकॉर्डिंग पुलिस को साक्ष्य के रूप में दी। थाना प्रभारी सीताराम के निर्देश पर दारोगा रश्मि ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया। वह गर्दनीबाग के आम बगीचा मोहल्ले का रहने वाला है। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

