
जी. पी. दुबे
संभल में प्रेम-प्रसंग का खौफनाक अंत: युवक ने गर्लफ्रेंड को गोली मारकर खुद की जान ली
संभल, 7 दिसंबर 2024:
संभल जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। असमोली थाना क्षेत्र के हरथला गांव में 22 वर्षीय युवक ने अपनी प्रेमिका को गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक युवक की पहचान अमरोहा जिले के रहने वाले गौरव (22 वर्ष) के रूप में हुई है। शनिवार दोपहर को गौरव ने हरथला गांव में प्रतीक्षा (युवती) को मिलने बुलाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बातचीत के दौरान दोनों में विवाद हुआ और गुस्से में गौरव ने पिस्तौल से युवती को गोली मार दी। इसके तुरंत बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। गौरव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रतीक्षा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। युवक के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद कर लिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि गोलीकांड की असली वजह क्या थी। प्रारंभिक जांच में प्रेम-प्रसंग की बात सामने आई है, लेकिन इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।
घायल युवती की मां का बयान:
घायल युवती प्रतीक्षा की मां रजनी ने बताया कि उनकी बेटी बीएससी फाइनल की छात्रा है और शनिवार को वह कॉलेज में प्रैक्टिकल के लिए गई थी। कुछ समय बाद उन्हें फोन पर सूचना मिली कि किसी ने उनकी बेटी को गोली मार दी है। उन्होंने युवक गौरव को पहचानने से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें उसकी बेटी के साथ उसके किसी भी प्रकार के संबंध की जानकारी नहीं थी।


