
Gyan Prakash Dubey
हरदोई: युवक के पीछे पड़ी नागिन, चार बार डसा फिर भी बची जान
हरदोई. उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां सवायजपुर कोतवाली के देवपुर गांव निवासी आनंद लाल के 18 वर्षीय पुत्र चंद्रशेखर को एक नागिन ने चार बार डस लिया, लेकिन समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई। इस घटना से युवक और उसके परिवार में दहशत का माहौल है।
नाग की मौत बनी जिंदगी का खतरा
चंद्रशेखर ने बताया कि कुछ महीने पहले उसने खेत में एक नाग-नागिन के जोड़े पर डंडा चला दिया था, जिसमें नाग की मौत हो गई थी जबकि नागिन झाड़ियों में छिप गई थी। यह घटना उसके जीवन के लिए एक भयानक मोड़ बन गई।
पहला हमला: 29 अगस्त को चंद्रशेखर जब खेत जा रहा था, तो रास्ते में नागिन ने उसे डस लिया। उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के बाद उसकी जान बच गई।
दूसरा हमला: 15 अक्टूबर को चंद्रशेखर घर में सो रहा था, तभी नागिन ने फिर से हमला कर दिया। हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर किया गया, जहां वह ठीक हो गया।
तीसरा हमला: परिजनों ने डर के कारण उसे रिश्तेदारों के घर भेज दिया। एक महीने बाद लौटने पर 21 नवंबर को खेत जाते समय नागिन ने फिर उसे डस लिया, लेकिन समय पर इलाज से वह बच गया।
चौथा हमला: एहतियात के तौर पर परिजन चंद्रशेखर को मच्छरदानी में सुलाने लगे, लेकिन 3 दिसंबर को नागिन ने मच्छरदानी के अंदर ही उसकी उंगली में डस लिया।
ग्रामीणों में भी फैली दहशत
लगातार हो रही इन घटनाओं से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे गांव में दहशत का माहौल है। परिजन अब भी बेटे की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों का मानना है कि यह घटना किसी अद्भुत रहस्य से कम नहीं है।


