
Gyan Prakash Dubey
दारोगा शराब के नशे में पड़ोसी के घर में घुसा, वीडियो वायरल
पीलीभीत:
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां बरखेड़ा थाने में तैनात दारोगा मनोज कुमार सैनी शराब के नशे में धुत होकर अपने घर की जगह पड़ोसी के घर में घुस गए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पुलिस विभाग की भारी फजीहत हो रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, नशे में धुत दारोगा मनोज कुमार सैनी पहले सड़क पर हंगामा करते दिखे। इसके बाद वह एक महिला के घर में घुस गए और उत्पात मचाने लगे। दारोगा की इस हरकत से महिला घबरा गई और शोर मचाने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग वहां इकट्ठा हो गए और पूरी घटना का वीडियो बना लिया।
वीडियो बनाने वाले एक युवक से दारोगा ने मोबाइल छीनने की भी कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पीलीभीत के पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने आरोपी दारोगा के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। मामले की जांच सीओ बीसलपुर प्रतीक दहिया को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना पुलिस विभाग की छवि पर गहरा असर डाल रही है, जबकि लोगों में भी इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है।


