
जी.पी.दुबे
97210 711 75
बीजेपी और कांग्रेस ने लोकसभा के अपने सभी सांसदों को व्हिप जारी किया
नई दिल्ली 12 दिसंबर 24.
संसद का शीतकालीन सत्र जारी है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस ने अपने लोकसभा सांसदों को 13 और 14 दिसंबर 2024 को सदन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी किया है। दोनों पार्टियों ने यह कदम महत्वपूर्ण विधायी कार्यों और संविधान की 75वीं वर्षगांठ पर प्रस्तावित बहस को देखते हुए उठाया है।
बीजेपी की ओर से जारी व्हिप में कहा गया है कि शुक्रवार और शनिवार को लोकसभा में कुछ महत्वपूर्ण विधायी मामलों पर चर्चा होगी, जिसमें सभी सांसदों की उपस्थिति आवश्यक है। उधर, कांग्रेस ने भी अपने सांसदों को सदन में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है।
👉राहुल गांधी ने लोकसभा अध्यक्ष को लिखा पत्र
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखते हुए संविधान सभा द्वारा भारत के संविधान को अपनाने की 75वीं वर्षगांठ के ऐतिहासिक अवसर पर संसद के दोनों सदनों में दो दिवसीय विशेष चर्चा का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि यह अवसर सभी सांसदों को डॉ. भीमराव अंबेडकर की विरासत और संविधान के मूल्यों पर विचार करने का अवसर प्रदान करता है।
राहुल गांधी ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि इस तरह की विशेष चर्चाओं के उदाहरण पहले भी देखे गए हैं, जैसे 2015 में डॉ. अंबेडकर की 125वीं जयंती पर दो दिवसीय चर्चा और 2022 में आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर आयोजित विशेष सत्र।
👉संसद में दो दिवसीय बहस की तैयारी
लोकसभा में 13 और 14 दिसंबर को संविधान की 75वीं वर्षगांठ पर बहस होगी, जिसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 दिसंबर को जवाब देंगे। राज्यसभा में 16 और 17 दिसंबर को बहस होगी, जिसकी शुरुआत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे।
NGV PRAKASH NEWS



