9 लोगों को डंपर ने रौंदा, दो बच्चों समेत तीन की मौत

पुणे में दर्दनाक हादसा: फुटपाथ पर सो रहे 9 लोगों को डंपर ने रौंदा, दो बच्चों समेत तीन की मौत

पुणे, महाराष्ट्र 23 दिसम्बर 24.

पुणे के वाघोली चौक इलाके में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। फुटपाथ पर सो रहे मजदूरों को एक बेकाबू डंपर ने कुचल दिया, जिसमें दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रात करीब 1 बजे हुआ।

पुलिस के अनुसार, हादसा केसनंद फाटा के पास वाघोली में हुआ। डंपर, जो पुणे की एक निजी कंपनी का था, अचानक फुटपाथ पर चढ़ गया और वहां सो रहे मजदूरों को रौंद दिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चालक शराब के नशे में था और गाड़ी पर नियंत्रण खो बैठा।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार की गई है:

वैभवी रितेश पवार (1 वर्ष)

वैभव रितेश पवार (2 वर्ष)

रिनेश एन. पवार (30 वर्ष)

घायल हुए छह अन्य लोगों की हालत नाजुक बताई गई है और उन्हें इलाज के लिए ससून अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चालक गिरफ्तार, स्थानीय लोगों में आक्रोश

जोन 4 के पुलिस उपायुक्त हिम्मत जाधव ने बताया कि चालक नशे की हालत में था। उसे मोटर वाहन अधिनियम और भारतीय दंड संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठाए और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। दुर्घटना स्थल पर चारों ओर खून, बिखरे सामान और टूटी झुग्गियों का भयावह दृश्य देखा गया।

पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है और हादसे की गहन जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि डंपर चालक बेहद तेज रफ्तार में था, जिससे यह दुर्घटना हुई।

NGV PRAKASH NEWS

(विशेष रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *