
Gyan Prakash Dubey
नई संसद भवन के पास आत्मदाह की कोशिश, व्यक्ति 60 प्रतिशत झुलसा
नई दिल्ली 25 दिसंबर 24.
राजधानी दिल्ली में बुधवार (25 दिसंबर) को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां नए संसद भवन के पास स्थित रेल भवन के सामने गोल चक्कर पर एक व्यक्ति ने खुद को आग लगाकर आत्मदाह की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार, घायल व्यक्ति की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी जितेंद्र के रूप में हुई है। घटना के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आग बुझाई और उसे राममनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक, वह करीब 60 प्रतिशत तक झुलस चुका है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शख्स ने पहले खुद को आग लगाई और फिर गोल चक्कर की रेलिंग कूदकर सड़क पर पहुंचा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाई और उसे अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने घटनास्थल से जला हुआ बैग और कुछ दस्तावेज बरामद किए हैं। फिलहाल, मामले की जांच जारी है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि व्यक्ति ने आत्मदाह की कोशिश क्यों की और उसने नई संसद भवन के पास ही ऐसा कदम क्यों उठाया।
पुलिस इस घटना के पीछे की वजहों का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि इस आत्मदाह के प्रयास का मकसद क्या था।
(NGV PRAKASH NEWS)

फोटो. दैनिक जागरण के सौजन्य से
