
जी.पी.दुबे
97210 71175
8 साल की बच्ची की हत्या से सनसनी, स्कूल में बोरे में मिला शव
वाराणसी 25 दिसंबर 24.
वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र के सूजाबाद इलाके में बुधवार सुबह एक 8 साल की बच्ची की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बच्ची का शव बहादुरपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय के परिसर में बोरे में बंद मिला। पुलिस ने आशंका जताई है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है। मामले की जांच के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
दुकान से सामान लेने गई थी बच्ची
मृतक बच्ची के दिव्यांग पिता ने बताया कि उनकी बेटी मंगलवार शाम करीब 7:00 बजे घर से मच्छर भगाने का कॉइल लेने के लिए निकली थी। जब वह देर तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। रातभर खोजबीन के बाद बुधवार सुबह बहादुरपुर गांव के प्राथमिक विद्यालय परिसर में बोरे में बंद उसका शव बरामद हुआ।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रामनगर थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि बच्ची की आखिरी लोकेशन की जानकारी के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। फुटेज में बच्ची को शाम 7:00 बजे के आसपास दो जगह अकेले जाते हुए देखा गया है। आगे की फुटेज निकाली जा रही है, जिससे जांच में मदद मिल सके।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट करेगी खुलासा
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दुष्कर्म और हत्या के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है, और पुलिस दोषियों को जल्द पकड़ने का दावा कर रही है।
घटना से दहशत में इलाके के लोग
इस घटना के बाद स्थानीय लोग दहशत में हैं और उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

