डीआईजी, एसपी,एडिशनल एसपी,सीओ से शिकायत के बाद भी नहीं दर्ज हुआ मुकदमा

जी.पी.दुबे
9721071175

डीआईजी,,एसपी, एडिशनल एसपी तथा सीओ से शिकायत के बाद भी नहीं दर्ज हुआ हत्या का मुकदमा

बस्ती 29 दिसम्बर 24.
पुलिस प्रशासन की लापरवाही और उदासीनता के चलते पीड़ितों को न्याय मिलने की उम्मीद धीरे-धीरे खत्म होती जा रही है। सोनहा थाना क्षेत्र की रहने वाली माया देवी अपनी 15 वर्षीय पुत्री प्रीती की हत्या के मामले में इंसाफ के लिए दर-दर भटक रही हैं।

माया देवी का आरोप है कि 14 दिसंबर 2024 को उनके गांव जोगिया में प्रीती को उसके चाचा समेत अन्य लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला और आनन-फानन में शव को ठिकाने लगा दिया। इस घटना की शिकायत उन्होंने सीओ रुधौली स्वर्णिम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह, पुलिस अधीक्षक गोपाल कृष्ण चौधरी और डीआईजी दिनेश कुमार पी से की थी।

पुलिस की लापरवाही

शिकायत के बावजूद 15 दिन बीत गए, लेकिन सोनहा पुलिस ने न तो शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम कराया और न ही हत्या का मुकदमा दर्ज किया। पीड़ित मां का आरोप है कि पुलिस मामले को दबाने की कोशिश कर रही है।

धमकियों के साए में जी रही पीड़ित

माया देवी ने बताया कि हत्या के बाद आरोपियों ने उन्हें तीन दिन तक घर में बंधक बनाकर रखा और धमकी दी कि अगर उन्होंने घटना की जानकारी किसी को दी, तो उनकी भी हत्या कर दी जाएगी।

मायकेवालों को भी किया नजरअंदाज

थाना हर्रैया के ग्राम महुआ लखननपुर निवासी माया देवी के मामा रविंद्र कुमार ने असनहरा पुलिस चौकी में मामला दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन चौकी प्रभारी ने उन्हें भगा दिया। इसके बाद पीड़ित परिवार ने 19 दिसंबर को एसपी बस्ती को लिखित शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

डीआईजी से न्याय की आस

माया देवी ने 21 दिसंबर को एएसपी ओम प्रकाश सिंह से जांच कर कार्रवाई की मांग की। हालांकि, अब तक उन्हें जांच रिपोर्ट और पुलिस की कार्रवाई के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।

आत्महत्या की चेतावनी

पीड़िता ने कहा कि अगर जल्द न्याय नहीं मिला, तो वह आत्महत्या करने के लिए मजबूर हो जाएंगी, क्योंकि आरोपियों से उन्हें जान का खतरा है।

डीआईजी कार्यालय से भी निराशा

माया देवी ने डीआईजी दिनेश कुमार पी से मिलने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें मिलने नहीं दिया और आश्वासन देकर लौटा दिया।

पीड़ित परिवार को तेज तर्रार डीआईजी दिनेश कुमार पी से अब भी न्याय की उम्मीद है। माया देवी ने अपील की है कि उनकी बेटी प्रीती की हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और शव का पोस्टमार्टम कराया जाए।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *