
जी.पी. दुबे
आधी रात को आई आवाज तो खुल गई पति की नींद… कमरे में जाकर देखा तो उड़ गए होश
कानपुर, 29 दिसंबर 2024।
नौरेयाखेड़ा में शुक्रवार देर रात एक विवाहिता ने बच्चे को सुलाने के बाद उसी कमरे में टीनशेड के एंगल से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पति भी घटना के समय सो रहा था। बच्चे के रोने की आवाज सुन वह जागा तो आंखों के सामने पत्नी का शव लटका देख चीख पड़ा।
शनिवार सुबह मायकेवाले पहुंचे और पति व ससुरालीजन पर बाइक की मांग पूरी न होने पर बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। गोविंद नगर थाना पुलिस ने पति व ससुर को हिरासत में लिया है।
फतेहपुर के असोथर गांव निवासी राजेश कुमार ने बताया कि वह नगर पंचायत कार्यालय में कार्यरत हैं। उनकी 25 वर्षीय बेटी अंजली उर्फ गुड़िया की शादी 22 जून 2021 को नौरेयाखेड़ा निवासी विकास वाल्मीकि से हुई थी। उनका दो साल का बेटा विराट है।
राजेश का आरोप है कि काफी समय से दामाद और उसके घरवाले बेटी से अतिरिक्त दहेज, बाइक व रुपयों की मांग कर रहे थे। शुक्रवार शाम करीब सात बजे बेटी का फोन आया था। वह परेशान लग रही थी, लेकिन कुछ बताया नहीं था। सुबह करीब चार-पांच बजे फोन आया और बेटी के आत्महत्या करने की जानकारी दी गई।
पति विकास के मुताबिक, रात में सभी ने घर पर खाना खाया था और झगड़े जैसी कोई बात नहीं थी। कमरे में गुड़िया बच्चे को सुला रही थी। वह सो गए थे। देर रात बच्चा रोने लगा। जब वह जागे तो गुड़िया का शव फंदे से लटका मिला।
दादानगर फैक्ट्री एरिया चौकी प्रभारी अंकुर मलिक ने बताया कि पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS
