
जी.पी. दुबे
किडनी प्रत्यारोपण के लिए संघर्ष कर रहा अनूप, सीएम राहत कोष और अडानी ग्रुप ने बढ़ाया मदद का हाथ
बस्ती 29 दिसंबर 24.
सदर ब्लॉक के छबिलहा खोर गांव के रहने वाले 19 वर्षीय अनूप मिश्र की दोनों किडनियां खराब हो गई हैं। लखनऊ के एसजी पीजीआई के डॉक्टरों ने किडनी प्रत्यारोपण को अनिवार्य बताया है, जिससे परिवार पर संकटों का पहाड़ टूट पड़ा। डायलिसिस पर चल रहे अनूप को मुख्यमंत्री राहत कोष से चार लाख रुपये और सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिलने के बाद अडानी ग्रुप ने सात लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी है।
अनूप का इलाज और कठिनाइयाँ
अनूप मिश्र, जो लखनऊ के राम स्वरूप इंजीनियरिंग कॉलेज में बीटेक प्रथम वर्ष का छात्र है, मार्च में तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टर राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान लखनऊ में भर्ती कराया गया था। जांच के बाद जब किडनी की गंभीर समस्या सामने आई, तो उसे एसजी पीजीआई रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने अनूप की दोनों किडनियों के खराब होने की पुष्टि की और प्रत्यारोपण को ही एकमात्र विकल्प बताया।
सोशल मीडिया ने जगाई उम्मीद
किडनी प्रत्यारोपण का खर्च जानने के बाद निराश परिवार ने मुख्यमंत्री राहत कोष में सहायता के लिए आवेदन किया। राहत कोष से चार लाख रुपये की मदद मिलने के बाद सोशल मीडिया के माध्यम से अडानी ग्रुप ने भी सात लाख रुपये की सहायता दी।
परिवार को मिली राहत की उम्मीद
अनूप के पिता कृष्ण भगवान मिश्र ने बताया कि अभी किडनी प्रत्यारोपण की तिथि तय नहीं हुई है, लेकिन उससे पहले की सभी जरूरी जांच कराई जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री और अडानी ग्रुप का आभार जताया।
अनूप ने जताया आभार
अनूप ने सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अडानी ग्रुप के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया है। इस मदद से परिवार को उम्मीद की नई किरण दिखाई दी है।
(NGV PRAKASH NEWS)

