चलती डबल डेकर बस बनी आग का गोला

NGV PRAKASH NEWS

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर चलती स्लीपर बस में भीषण आग, यात्रियों ने समय रहते कूदकर बचाई जान

ग्रेटर नोएडा, 7 अक्टूबर 2026.

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नोएडा से आगरा की ओर जा रही डबल डेकर स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। घटना नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में सफीपुर गांव के पास की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार बस एक्सप्रेसवे पर चल रही थी। इसी दौरान राहगीरों ने बस में आग लगने की जानकारी चालक को दी। स्थिति को भांपते हुए चालक ने बस को सड़क किनारे रोक दिया और आनन-फानन में बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस दौरान राहगीरों ने भी यात्रियों को बस से बाहर निकलने में मदद की।

यात्रियों के बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते पूरी बस आग के गोले में तब्दील हो गई। बस से उठती आग की लपटें और घने धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया, जिससे एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और बस में लगी आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। फिलहाल घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है।

पिछले दिनों भी डबल डेकर बस में आग लगने की घटना सामने आई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद यात्री वाहनों की सुरक्षा और आग से बचाव के इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *