बीजेपी विधायक के ऊपर चला दी गोली :विधायक भी सुरक्षित नहीं?

Gyan Prakash Dubey

बीजेपी विधायक पर फायरिंग: शराब पीने से मना किया तो चली गोलियां, पत्नी के साथ कर रहे थे नाइट वॉक

(NGV PRAKASH NEWS)

लखीमपुर खीरी, 2 जनवरी 2025।

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में बीजेपी विधायक पर सनसनीखेज फायरिंग की घटना सामने आई है। कस्ता विधानसभा क्षेत्र के विधायक सौरभ सिंह सोनू पर बीती रात दो लोगों ने गोली चला दी। घटना उस समय हुई जब विधायक अपनी पत्नी के साथ घर के पास नाइट वॉक कर रहे थे।

शराबियों ने दी गाली, फिर चला दी गोली

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना सदर कोतवाली इलाके के शिव कॉलोनी मोहल्ले की है। विधायक और उनकी पत्नी रात का खाना खाकर टहलने निकले थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि दो युवक सड़क किनारे बैठकर शराब पी रहे हैं। विधायक ने उन्हें शराब पीने से मना किया और समझाने की कोशिश की। लेकिन, युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और गुस्से में आकर दो गोलियां दाग दीं।

बाल-बाल बचे विधायक, आरोपी फरार

फायरिंग के बाद विधायक और उनकी पत्नी किसी तरह सुरक्षित बच निकले। गोली की आवाज सुनकर जब तक विधायक का गनर मौके पर पहुंचा, तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी गई।

पुलिस ने तेजी दिखाते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी भी मौके पर पहुंचे और जांच की कमान संभाल ली। पुलिस ने इलाके के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।

राजनीतिक बयानबाजी भी तेज

घटना के बाद राजनीतिक हलकों में भी बयानबाजी तेज हो गई है।
कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा—
“जब यूपी में भाजपा विधायक और उनकी पत्नी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता और महिलाओं की सुरक्षा की उम्मीद कैसे की जा सकती है? यह योगी सरकार की नाकामी का सबसे बड़ा उदाहरण है।”

वहीं, बीजेपी नेताओं ने इस घटना को विपक्ष द्वारा मुद्दा बनाने की कोशिश बताया। विधायक सौरभ सिंह सोनू ने कहा—
“हम अपराधियों को बख्शेंगे नहीं। कानून-व्यवस्था पर सरकार की पकड़ मजबूत है, जल्द ही अपराधियों को सजा मिलेगी।”

एसपी खीरी ने बयान जारी कर कहा—
“हमारी टीमें छानबीन में जुटी हैं। गिरफ्तार किए गए तीन संदिग्धों से पूछताछ जारी है। जल्द ही मुख्य आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।”

क्या ये कानून-व्यवस्था पर सवाल?

यह घटना यूपी में कानून-व्यवस्था को लेकर फिर से सवाल खड़े कर रही है। जिस तरह से विधायक के घर के पास ही फायरिंग हुई, उसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *