बुलेट की एंबुलेंस से टक्कर में जिंदा जल गया बुलेट सवार

जी. पी. दुबे

गया में दर्दनाक सड़क हादसा: एंबुलेंस से टक्कर में जिंदा जला बुलेट सवार, मची अफरा-तफरी

गया 8 जनवरी 25.
मंगलवार शाम को गया-डोभी रोड पर एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। एंबुलेंस और बुलेट की जोरदार टक्कर के बाद आग लग गई, जिसमें बुलेट सवार युवक जिंदा जल गया।इस दर्दनाक घटना में बुलेट और एंबुलेंस दोनों जलकर राख हो गईं। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना होते ही आसपास के लोग आग बुझाने के लिए दौड़े, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते दोनों वाहन स्वाहा हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही मगध मेडिकल थाना प्रभारी कृष्ण कुमार पुलिस बल और अग्निशमन दल के साथ मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि टक्कर के बाद बुलेट की टंकी फट गई, जिससे आग लग गई। एंबुलेंस के नीचे फंसे बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के कारणों की जांच जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर तेज रफ्तार के कारण ऐसे हादसे बार-बार हो रहे हैं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *