पिता के कहने पर भी उसने प्रेमी से बात करना नहीं छोड़ा…?

Gyan Prakash Dubey

गोपालगंज: ऑनर किलिंग का खुलासा, पिता-पुत्र गिरफ्तार

गोपालगंज, 8 जनवरी 2025 — गोपालगंज पुलिस ने युवती की हत्या के अनसुलझे मामले को महज तीन दिनों में सुलझाकर सनसनीखेज खुलासा किया है। ऑनर किलिंग के इस मामले में पुलिस ने पिता और पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक युवती की पहचान बगहा जिले के नवलपुर थाना क्षेत्र के बथवारी गांव निवासी हरिशचंद्र यादव की पुत्री कल्पना कुमारी के रूप में हुई है।

👉हत्या की वजह – ऑनर किलिंग

सदर एसडीपीओ प्रांजल त्रिपाठी ने बताया कि युवती के परिवार को उसके किसी युवक से बातचीत करने पर आपत्ति थी। विरोध के चलते युवती को बेतिया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में मामा के घर भेज दिया गया। वहां भी वह युवक से बात करती रही, जिसकी जानकारी पिता और भाई को हो गई।

2 जनवरी की रात युवती के पिता हरिशचंद्र यादव और भाई विक्की यादव, एक अन्य व्यक्ति के साथ मामा के घर पहुंचे। आधी रात को उन्होंने युवती को गोशाला में बुलाया और गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को बाइक से ले जाकर जादोपुर थाना क्षेत्र के मंगलपुर पुल से गंडक नदी में फेंक दिया।

3 जनवरी की सुबह पुलिस ने युवती का शव बरामद किया। पोस्टमार्टम के बाद जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल से बरामद चप्पल और टेक्निकल जांच के आधार पर आरोपितों तक पहुंच बनाई।

एसडीपीओ प्रांजल त्रिपाठी ने बताया कि 72 घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा कर लिया गया। इस सफलता के लिए एसआइटी टीम को पुरस्कृत करने की अनुशंसा की गई है। मामले में चार्जशीट जल्द दायर कर स्पीडी ट्रायल के तहत दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

हत्या में शामिल तीसरे आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी की उम्मीद जताई गई है।

जादोपुर थाने में इस मामले को वर्ष 2025 का पहला केस (1/25) के रूप में दर्ज किया गया। इसे बीएनएस की धारा 103(1)/238/3(5) के तहत दर्ज किया गया है। एसपी अवधेश दीक्षित ने घटना की गंभीरता को देखते हुए एसआइटी का गठन किया, जिसमें जादोपुर थानाध्यक्ष मोहन कुमार निराला और टेक्निकल सेल की टीम को शामिल किया गया।

घटनास्थल पर बरामद पुरुष की चप्पल, जो लड़की के पिता की निकली, पुलिस के लिए अहम सुराग बनी। इसके बाद टेक्निकल जांच और पूछताछ से आरोपितों की पहचान हुई और गिरफ्तारियां की गईं।

मंगलपुर पुल के नीचे गंडक नदी के किनारे सलवार-सूट पहनी युवती का शव मिला। गले पर गहरे जख्म के निशान देखकर पुलिस को हत्या का शक हुआ। शव की पहचान न होने के कारण पुलिस ने आसपास के थानों से संपर्क किया। गुमशुदगी का कोई मामला दर्ज न होने से जांच में बाधा आई, लेकिन टेक्निकल टीम की मदद से हत्याकांड की गुत्थी सुलझ गई।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *