
जी.पी.दुबे
97210 71175
ब्यूटी पार्लर संचालिका की हत्या: पुजारी ने की मंगेतर की हत्या, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
NGV PRAKASH NEWS
कानपुर, 21 जनवरी 2025।
कानपुर के हरबंश मोहाल थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस ने अपनी मंगेतर की हत्या करने वाले अजय मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। अजय मिश्रा ने 19 जनवरी को अपनी मंगेतर प्रिया कठेरिया की गोली मारकर हत्या कर दी थी और मौके से फरार हो गया था।
प्रिया कठेरिया, जो चमनगंज की रहने वाली और एक ब्यूटी पार्लर संचालिका थीं, पिछले दो सालों से अजय मिश्रा के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में थीं। 32 वर्षीय प्रिया विधवा थीं और अपने दो वर्षीय बेटे के साथ मायके में रह रही थीं। फरवरी में दोनों की शादी तय थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार
शनिवार को प्रिया, अजय से मिलने उसके किराए के कमरे पर पहुंचीं। किसी बात पर हुई कहासुनी और मारपीट के बाद गोली चलने की आवाज सुन मकान मालकिन राजकुमारी कमरे में पहुंचीं। उन्होंने देखा कि प्रिया खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थीं और अजय वहां से भाग रहा था।
घायल प्रिया को तुरंत उर्सला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच के दौरान यह सामने आया कि अजय मिश्रा पूजा-पाठ करने वाला व्यक्ति था और पी-रोड स्थित मंदिर का पुजारी रह चुका था। हालांकि, उसे चोरी के आरोप में मंदिर से हटा दिया गया था। अजय ने पुलिस को बताया कि वह अक्सर प्रिया के साथ वाद-विवाद करता था। गुस्से में आकर उसने यह कदम उठाया।
अजय मिश्रा पर पहले से महाराजपुर में भी एक केस दर्ज है।
प्रिया के पति का 2022 में निधन हो गया था। वह अपने बेटे के साथ रह रही थीं और ब्यूटी पार्लर चलाकर अपने परिवार की देखभाल कर रही थीं। उनके परिवार वाले अजय मिश्रा से उनकी शादी के लिए तैयार थे।
पूर्वी डिप्टी कमिश्नर श्रवण कुमार सिंह ने बताया, “हत्या की वजह दोनों के बीच विवाद था। आरोपी अजय मिश्रा पहले पुजारी था और ज्योतिषी का काम भी करता था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।”
इस हृदयविदारक घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
NGV PRAKASH NEWS

