हथियार फैक्ट्री में धमाके से गिरी छत, कई लोगों की मौत की आशंका

महाराष्ट्र में हथियार फैक्ट्री में धमाके से गिरी छत, कई लोगों की मौतों की आशंका

भंडारा, 24 जनवरी 2025.

महाराष्ट्र के भंडारा जिले में स्थित एक हथियार फैक्ट्री में हुए धमाके से बड़ा हादसा हुआ है। इस धमाके के चलते फैक्ट्री की छत गिर गई, जिससे मलबे के नीचे कई लोग दब गए। अब तक की जानकारी के अनुसार, 13 से 14 लोग मलबे के नीचे फंसे थे, जिनमें से केवल 5 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका है।

भंडारा के जिलाधिकारी संजय कोलटे ने पुष्टि की है कि यह हादसा भंडारा के जवाहर नगर इलाके में हुआ। मौके पर दमकलकर्मी, एंबुलेंस, और जेसीबी मशीनों की मदद से राहत कार्य जारी है। अब तक एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है, जबकि 10 से अधिक लोग अब भी फंसे हुए हैं। नागपुर स्थित डिफेंस पीआरओ ने बताया कि धमाके के बाद मेडिकल और रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा, “यह एक दुखद घटना है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। घायलों को हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है। एसडीआरएफ और डिफेंस फोर्सेज की टीम मौके पर बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।” उन्होंने मृतक के परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं और स्थिति पर पूरी नजर बनाए रखने का आश्वासन दिया है।

घटना के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। अधिकारियों के अनुसार, घायलों की स्थिति गंभीर है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *