कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रोफेसर की हार्ट अटैक से हुई मृत्यु

राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान प्रोफेसर वी.एन. मिश्रा का निधन, विश्वविद्यालय में शोक की लहर

कानपुर: इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक के प्रोफेसर वी.एन. मिश्रा का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे आईआईटी कानपुर और सीएसजेएम विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने आए थे, जो सतत शहरी विकास में एआई नवाचार पर केंद्रित था। समापन सत्र के दौरान व्याख्यान सुनते समय उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।

कॉन्फ्रेंस के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ी

प्रो. मिश्रा दर्शक दीर्घा में बैठे थे, जब अचानक उन्हें बेचैनी महसूस हुई। पास बैठी एक महिला ने स्थिति को भांपकर तुरंत लोगों को सतर्क किया। मौके पर मौजूद डॉक्टरों ने उन्हें सीपीआर देने की कोशिश की, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के निर्देश पर तुरंत एंबुलेंस से उन्हें कार्डियोलॉजी सुपर स्पेशियलिटी सेंटर भेजा गया।

अस्पताल में मृत घोषित, विश्वविद्यालय में शोक की लहर

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने प्रो. मिश्रा को मृत घोषित कर दिया। इस दुखद समाचार से विश्वविद्यालय में शोक की लहर दौड़ गई। कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि प्रो. मिश्रा का अकस्मात जाना बेहद दुखद है। उन्होंने सम्मेलन में छात्रों को एआई विषय पर महत्वपूर्ण ज्ञान दिया था।

परिजन प्रो. मिश्रा का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए अमरकंटक ले गए हैं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *