सपा नेता के भाई की विवाद में हत्या: कैफे में चली गोली

कैफे रेस्टोरेंट में चली गोली, मालिक की मौत, दोस्त घायल – हत्या या हादसा? पुलिस जांच में जुटी

सहारनपुर, 12 फरवरी 2025। सहारनपुर के कोर्ट रोड स्थित एक कैफे रेस्टोरेंट में सोमवार रात अचानक गोली चलने से हड़कंप मच गया। इस घटना में कैफे के मालिक उवैश की मौत हो गई, जबकि उसका एक दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि गोली जिस केबिन में चली, वहां उस समय चार लोग मौजूद थे। शुरूआती जांच में यह मामला दुर्घटना बताया जा रहा था, लेकिन अब इसे हत्या के नजरिए से भी देखा जा रहा है। पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

अब तक नहीं मिला हथियार, हत्या या हादसा?

पुलिस को अब तक वह पिस्टल नहीं मिली है जिससे गोली चली थी। यह हथियार लाइसेंसी था या अवैध, इसका भी पता नहीं चल सका है। पुलिस को घटनास्थल से एक कारतूस बरामद हुआ है, जो पिस्टल का बताया जा रहा है। जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त रेस्टोरेंट मालिक उवैश के साथ उसके तीन दोस्त भी वहां मौजूद थे।

मृतक उवैश सहारनपुर के सपा नेता सुहेल का भाई था और रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के गांव मोहनपुर गाड़ा का रहने वाला था। वहीं, उसके तीनों दोस्त छिदबना के निवासी बताए जा रहे हैं। चर्चाओं में यह बात भी सामने आ रही है कि घटना के वक्त वहां एक लड़की भी मौजूद थी, लेकिन इसकी अभी तक पुष्टि नहीं हुई है।

एक महीने पहले भी हुआ था विवाद

इस रेस्टोरेंट में एक महीने पहले भी झगड़ा हुआ था, जिसमें कई लोग घायल हुए थे। उस समय भी पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठे थे। अब इस गोलीकांड को पहले की घटना से जोड़कर भी देखा जा रहा है। कुछ लोग यह भी कह रहे हैं कि यह दुर्घटना रील बनाने के दौरान हुई है, हालांकि पुलिस इस दावे की पुष्टि नहीं कर रही है।

पुलिस की क्या है प्रतिक्रिया?

कोतवाली सदर बाजार प्रभारी सूबे सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हादसे का लग रहा है, लेकिन किसी भी संभावना को खारिज नहीं किया जा सकता। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। अभी तक मृतक के परिवार वालों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *